CG | Tue, 10 February 2026

No Ad Available

संगवारी भेंट: समय थम सा गया, वर्षों बाद स्कूल की दहलीज पर गले मिले गुरु–शिष्य, यादों में फिर जिए सुनहरे दिन, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में पहला पूर्व छात्र–शिक्षक मिलन समारोह भावनाओं से सराबोर होकर संपन्न

09 Feb 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 6 views
संगवारी भेंट: समय थम सा गया, वर्षों बाद स्कूल की दहलीज पर गले मिले गुरु–शिष्य, यादों में फिर जिए सुनहरे दिन, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में पहला पूर्व छात्र–शिक्षक मिलन समारोह भावनाओं से सराबोर होकर संपन्न

गरियाबंद।पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम शासकीय विद्यालय, गरियाबंद में रविवार को आयोजित पहला “संगवारी भेंट” पूर्व छात्र–शिक्षक मिलन समारोह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्मृतियों, सम्मान और कृतज्ञता का जीवंत उत्सव बन गया। वर्षों पहले इसी विद्यालय से निकलकर जीवन की अलग-अलग राहों पर आगे बढ़ चुके छात्र जब अपने गुरुओं से फिर आमने-सामने हुए, तो स्कूल की दहलीज पर समय जैसे ठहर गया।

विद्यालय परिसर में जैसे ही पूर्व छात्रों ने कदम रखा, बीते दिनों की यादें ताजा हो उठीं। वही कक्षाएं, वही बरामदे, वही प्रांगण—जहां कभी सपने गढ़े गए थे। ब्लैकबोर्ड, बेंच और दीवारों को छूते हुए छात्र अपने स्कूली दिनों में लौट गए। कहीं ठहाकों की गूंज थी, तो कहीं आंखें नम नजर आईं। वर्षों बाद मिले मित्र गले मिले, अपनापन छलक उठा और हर चेहरा भावनाओं से भरा दिखा।

गुरुओं का सम्मान, दिवंगत शिक्षकों को श्रद्धांजलि

समारोह की शुरुआत वरिष्ठ शिक्षकों के सम्मान से हुई। वर्षों तक विद्यालय की सेवा करने वाले शिक्षकों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं दिवंगत शिक्षकों को याद करते हुए मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह पल पूरे समारोह को भावुक कर गया।

प्रशांत मानिकपुरी बोले— यह केवल मिलन नहीं, कृतज्ञता का भाव है

कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य एवं शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष प्रशांत मानिकपुरी के नेतृत्व में किया गया। स्वागत भाषण में उन्होंने कहा—

“यह आयोजन केवल पूर्व छात्र–शिक्षक मिलन नहीं है, बल्कि उन गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता का भाव है, जिनका आशीर्वाद जीवन भर मार्गदर्शन करता है। इसी विद्यालय की देन है कि आज यहां से पढ़े विद्यार्थी प्रशासनिक, सामाजिक, राजनीतिक और व्यवसायिक क्षेत्रों में गरियाबंद का नाम रोशन कर रहे हैं।”

सेवानिवृत्त शिक्षकों की भावुक प्रतिक्रियाएं

सेवानिवृत्त शिक्षक आर.पी. मिश्रा ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि वर्षों बाद इस तरह का मिलन किसी सौभाग्य से कम नहीं है।

वहीं सेवानिवृत्त शिक्षक भारत मोंगरे ने कहा कि इस ऐतिहासिक मिलन की अनुभूति शब्दों में बयां करना कठिन है। उन्होंने माउथ ऑर्गन की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भावनाओं से भर दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और यादों की सौगात

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक एवं संगीतमय प्रस्तुतियां दीं, जिसने समारोह को और भी जीवंत बना दिया। इसके बाद शिक्षकों और छात्रों ने बेंच पर बैठकर सामूहिक फोटो खिंचवाए। सभी पूर्व छात्रों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए, ताकि यह दिन जीवन भर यादों में जीवित रहे।

गरियाबंद सहित दीगर जिलों से पहुंचे पूर्व छात्र

इस अवसर पर गरियाबंद सहित अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में पूर्व छात्र पहुंचे। कार्यक्रम में एम.एल. चंद्र, पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन सिंह मांझी, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, युगल पांडेय, आशु सिन्हा, बिक्रम हूंदल, प्रकाश अवस्थी, इमरान ख़ान, रवि सोनवानी, गफ्फू मेमन, मुरलीधर सिन्हा, दिनानाथ साहू, फागुलाल कश्यप, संजय कन्नौजे, सत्येंद्र दिवाकर, प्रवीण मानिकपुरी, डॉ. यूसुफ मेमन, रिखीराम यादव, ऋषिकांत मोहरे, सुब्रत पात्र, जितेंद्र सेन, आशीष तिवारी सहित अनेक पूर्व छात्रों ने अपने विचार रखे और समाज व राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

शिक्षकों का गरिमामय सम्मान

  • इस अवसर पर मदन सिंह ध्रुव, एम.एल. चंद्र, बलवंत ठाकुर, आर.पी. मिश्रा, के.पी. पटेल, कन्नौज, भरत मोंगरे, परिहार, दाउ, बी.पी. देवांगन, पाल, करन चंद्राकर, फारूक अहमद, मरकाम, जूनियर साहू, गंगा सागर, आई.पी. साहू, सिन्हा, श्याम चंद्राकर, वंदना पांडे, रेखा शुक्ला, मृदुला तिवारी एवं देवेश सूर्यवंशी को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन गिरीश शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में पूरे विद्यालय परिवार, स्टाफ और स्कूली बच्चों का सराहनीय सहयोग रहा।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Latest

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.