CG | Wed, 18 November 2026

No Ad Available

संघर्ष के दिनों से खुशहाली की ओर, प्रधानमंत्री आवास ने बदली सेवती बाई के परिवार की तस्वीर

18 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 904 views
संघर्ष के दिनों से खुशहाली की ओर, प्रधानमंत्री आवास ने बदली सेवती बाई के परिवार की तस्वीर

धमतरी: पक्का मकान केवल चार दीवारों और छत का नाम नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार होता है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के ऐसे ही सपनों को साकार कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से लाभान्वित नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कुकरेल की निवासी सेवती बाई के जीवन में आया बदलाव इसकी एक प्रेरक मिसाल है।

सेवती बाई और उनके पति रघुवर का परिवार वर्षों से मेहनत-मजदूरी और खेती-किसानी के सहारे अपना जीवनयापन करता रहा है। सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच परिवार की सबसे बड़ी चिंता सुरक्षित और पक्के मकान की थी। उनका पुराना घर मिट्टी की दीवारों और खपरैल की छत से बना हुआ था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था और मिट्टी की दीवारों के कमजोर होने से उनके गिरने का खतरा बना रहता था। परिवार को विशेषकर बारिश के मौसम में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

सेवती बाई बताती हैं कि थोड़ी सी बारिश होते ही घर के भीतर पानी टपकने लगता था। रातभर जागकर घर के सामान और परिवार को सुरक्षित रखने की चिंता बनी रहती थी। हर साल कच्चे मकान की मरम्मत में मेहनत से कमाई गई राशि खर्च हो जाती थी। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्वयं पक्का मकान बनवा सकें। ऐसे में पक्के घर का सपना उनके लिए लंबे समय तक अधूरा ही रहा।

इसी बीच ग्राम पंचायत के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की जानकारी मिली। योजना के प्रति जागरूक होकर उन्होंने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए आवेदन किया। पात्रता के आधार पर योजना का लाभ मिलने से उनके परिवार के जीवन में नई उम्मीद जगी। शासन से प्राप्त आर्थिक सहायता की किश्तों ने मकान निर्माण का रास्ता आसान बनाया। सेवती बाई और उनके पति रघुवर ने अपनी मेहनत और सहयोग से आवास निर्माण का कार्य पूरा किया।

आज सेवती बाई का वर्षों पुराना सपना हकीकत बन चुका है। उनका कच्चा मकान अब एक मजबूत और सुरक्षित पक्के आवास में बदल गया है। परिवार को अब बारिश में छत टपकने, दीवारें गिरने अथवा हर साल मकान की मरम्मत कराने की चिंता नहीं सताती। धूप, बारिश और ठंड से सुरक्षित आवास मिलने के साथ ही परिवार को सुकून और आत्मविश्वास का नया एहसास हुआ है। बच्चों की पढ़ाई के लिए भी बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध हुआ है।

सेवती बाई के लिए यह आवास महज एक मकान नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष के बाद मिला सुरक्षा, सम्मान और खुशहाली का आशियाना है। अब उनका परिवार बिना किसी भय और चिंता के चौन की नींद सो पाता है। वे प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से अपना पक्का घर बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार जताती हैं।

सेवती बाई की यह कहानी बताती है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण जरूरतमंद परिवारों को केवल आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित जीवन, सामाजिक सम्मान और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रही है। शासन की इस पहल से ग्रामीण अंचलों में अनेक परिवारों के अपने घर के सपने साकार हो रहे हैं।

 

 


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.