CG | Wed, 30 September 2026

No Ad Available

राष्ट्र निर्माण में समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी: डॉ. कृष्ण गोपाल

29 Sep 2026 | WEENEWS DESK | 988 views
राष्ट्र निर्माण में समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी: डॉ. कृष्ण गोपाल

आरएसएस की 100 साल की यात्रा पर ‘राष्ट्र निर्माण में हमारी भूमिका’ विषय पर संगोष्ठी


बिलासपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 100 वर्षों की यात्रा के उपलक्ष्य में ‘राष्ट्र निर्माण में हमारी भूमिका’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें दिल्ली स्थित संघ मुख्यालय से पहुंचे संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में समाज और नागरिकों की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।


डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि राष्ट्र का निर्माण केवल शासन और प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता, समर्पण और कर्तव्यबोध जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव, समरसता, अनुशासन और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना मजबूत होने से ही राष्ट्र की प्रगति का आधार तैयार होता है।


100 साल की यात्रा और सामाजिक कार्यों पर चर्चा


संगोष्ठी में संघ की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की 100 वर्षों की यात्रा के ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर चर्चा हुई। डॉ. कृष्ण गोपाल ने संघ के सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना और व्यक्ति निर्माण के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाना आवश्यक है।


उन्होंने कहा कि राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए समाज में सहयोग और जिम्मेदारी की भावना बढ़ाने की जरूरत है। नागरिक अपने दैनिक जीवन में राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करें।


युवाओं और परिवार की भूमिका भी बताई


कार्यक्रम में युवाओं की भूमिका, परिवार व्यवस्था, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण, सामाजिक एकता और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों पर भी विचार रखे गए। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है।

वक्ताओं ने संगोष्ठी में संघ की शताब्दी यात्रा को संगठन के इतिहास के साथ-साथ समाज में सेवा, संस्कार, संगठन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को समझने के अवसर के रूप में देखने की बात कही


कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों ने वक्ताओं के विचार सुने। अंत में राष्ट्र के प्रति समर्पण, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया गया।


कार्यक्रम में संघ के सह-प्रांत प्रचारक नारायण नामदेव, प्रांत जनजातीय कार्य प्रमुख सतीश गोकुल पंडा, विभाग संघचालक राजकुमार सचदेव, नगर संघचालक प्रदीप शर्मा, विभाग प्रचारक गणेश साहू सहित बिलासपुर नगर के प्रबुद्धजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.