बिलासपुर। CG NEWS : छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच अब डिप्टी सीएम अरुण साव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने पटवारियों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की है। अरुण साव ने कहा कि वर्तमान समय में किसानों को पटवारियों की सेवाओं की सबसे ज्यादा जरूरत है, क्योंकि प्रदेश के कई किसानों के रकबे गायब होने या रिकॉर्ड में नहीं मिलने और जमीन पर दूसरी फसल दर्ज होने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। ऐसे में पटवारियों की अनुपस्थिति से किसानों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
उन्होंने कहा कि पटवारी शासन का एक महत्वपूर्ण अमला हैं और राजस्व से जुड़े कामकाज में उनकी अहम भूमिका है। डिप्टी सीएम ने पटवारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगें सरकार के संज्ञान में हैं और उचित समय पर उनका समाधान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने अपील की कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए पटवारी अपने काम पर लौटें और जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।