
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान कोटा विकासखंड के शिवतराई गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय परिवारों से मुलाकात कर उनकी जीवनशैली, संस्कृति और उन्हें मिल रही शासकीय योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। राज्यपाल के इस दौरे से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शिवतराई गांव पहुंचने पर राज्यपाल ने विशेष रूप से बैगा और बिरहोर जनजाति के लोगों से संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से उनके पारंपरिक जीवन, रहन-सहन और आजीविका के बारे में विस्तार से चर्चा की। साथ ही यह भी जाना कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उन्हें किस प्रकार मिल रहा है।
दौरे के दौरान राज्यपाल ने गांव में मौजूद आर्चरी खिलाड़ियों से भी मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों की प्रतिभा से प्रभावित होकर उन्होंने प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को रायपुर स्थित लोकभवन आने का निमंत्रण भी दिया, ताकि उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा सके। राज्यपाल ने कहा कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में भी खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। दौरे के दौरान राज्यपाल ने गांव में सक्रिय स्वसहायता समूह की महिलाओं के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय प्रयास कर रही हैं। उन्होंने महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों को ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। राज्यपाल ने कहा कि बैगा और बिरहोर समाज की समृद्ध परंपरा और संस्कृति उनकी पहचान है, इसलिए इसे संरक्षित और सहेजकर रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि जनजातीय समुदाय के लोगों को बांस से बने उत्पाद और पारंपरिक आभूषण तैयार करने का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
जिससे उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो। अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान राज्यपाल रतनपुर भी पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में राज्यपाल का मंदिर समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष लवकुश कश्यप, दुर्गा कश्यप, ज्वाला कौशिक, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, कोटा एसडीएम नितिन तिवारी, कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय, रतनपुर तहसीलदार शिल्पा भगत, थाना प्रभारी नीलेश पांडे सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।