CG | Tue, 20 October 2026

No Ad Available

मार्केट में खून से सनी संदिग्ध लाश मिलने से मचा हड़कंप

09 Oct 2025 | WEENEWS DESK | 196 views
 मार्केट में खून से सनी संदिग्ध लाश मिलने से मचा हड़कंप

दुर्ग के इंदिरा मार्केट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सुबह करीब 6 बजे एक व्यक्ति की खून से सनी लाश सड़क किनारे पड़ी मिली। स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे प्रारंभिक रूप से यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी नरेश ठाकुर के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 38 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने संभावना जताई है कि नरेश ठाकुर की मौत किसी सड़क दुर्घटना में हुई होगी, हालांकि सिर पर गहरी चोटों और आसपास खून के निशानों के चलते हत्या की भी आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। इस बीच पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि घटना के समय की कोई स्पष्ट जानकारी मिल सके। वहीं, स्थानीय लोगों से भी पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक आखिरी बार किसके साथ या कहां देखा गया था।

थाना प्रभारी तापेश नेताम ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह दुर्घटना है या किसी आपसी विवाद का नतीजा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Latest

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.