उत्तरकाशी। Uttarakhand Fire News : उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी तहसील स्थित पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 33 आवासीय भवन जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए। हादसे से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों और राहत-बचाव टीमों को आग पर काबू पाने के लिए साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम 4:49 बजे पवाणी गांव में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में राहत टीमों का सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद रात 9:16 बजे आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक 33 मकान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
भीषण अग्निकांड की चपेट में गांव के 33 आवासीय भवनों के साथ पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आ गए। आग से 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही पशुहानि की सूचना मिली है।
राहत एवं बचाव कार्य के दौरान ओसला गांव निवासी गंगा सिंह गिरकर घायल हो गए। उनके उपचार के लिए घटनास्थल पर चिकित्सक दल और 108 एंबुलेंस भेजी गई थी। वहीं, गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण राहत टीमों को संपर्क स्थापित करने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अग्निकांड के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत कार्य शुरू कर दिया है। 58 परिवारों के लिए खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही बेघर हुए लोगों को सुरक्षित स्थान पर ठहराने के लिए राहत शिविर तैयार किए जा रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरी सहायता उपलब्ध कराना है।