कबीरधाम। CG NEWS : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान एक कंटेनर ट्रक की ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए गुप्त चैंबर से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये बताई गई है। ट्रक और मोबाइल सहित कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रहने वाले राजू यादव (27) और विकास यादव (26) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो तस्कर कंटेनर ट्रक में गांजा छिपाकर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते जबलपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर चिल्फी पुलिस ने एनएच-30 पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका और तलाशी शुरू की।
जांच के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष तरीके से बनाया गया गुप्त चैंबर मिला। इसमें खाकी टेप से लिपटे 192 पैकेट रखे हुए थे। जांच में गांजे की पुष्टि होने के बाद उसका वजन कराया गया, जो 407 किलो 330 ग्राम निकला।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को अलीगढ़ से निकले थे। इसके बाद 21 नवंबर को ओडिशा के सुनकीघाटी में ट्रक के गुप्त चैंबर में करीब चार क्विंटल गांजा लोड कराया था। फिर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते वापस अलीगढ़ जा रहे थे।
एसपी जितेंद्र कुमार यादव के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ चिल्फी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस गांजा सप्लाई करने वालों, तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।