CG | Sun, 29 November 2026

No Ad Available

सीपत की 9 ग्राम पंचायतों में ₹11.46 करोड़ के विकास कार्य; 28 पूरे हुए, 12 नए का भूमिपूजन

29 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 862 views
सीपत की 9 ग्राम पंचायतों में ₹11.46 करोड़ के विकास कार्य; 28 पूरे हुए, 12 नए का भूमिपूजन

एनटीपीसी सीपत के सीएसआर कार्यों का केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया उद्घाटन; तालाब जीर्णोद्धार, स्वास्थ्य-शिक्षा और बुनियादी ढांचे के काम शामिल


सीपत। परियोजना प्रभावित गांवों के लिए एनटीपीसी सीपत की सीएसआर योजना में ₹11.46 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन और भूमिपूजन 28 नवंबर को ग्राम पंचायत सीपत में हुआ। इसमें ₹5.22 करोड़ लागत के 28 पूरे हुए कार्यों का उद्घाटन और ₹6.24 करोड़ लागत के 12 नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल रहा।


मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और बिलासपुर सांसद तोखन साहू रहे। इस मौके पर मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी और एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।


28 कार्य पूरे, 12 नए शुरू


उद्घाटन हुए 28 कार्य सीपत, जांजी, कर्रा, कौड़िया, रलिया, देवरी, रांक, गतौरा और लुतरा ग्राम पंचायतों के हैं। इनमें बुनियादी ढांचे का विकास, तालाबों का जीर्णोद्धार तथा स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित काम शामिल हैं। साथ ही 12 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।


'क्षेत्र का विकास ही देश का विकास'


समारोह को संबोधित करते हुए तोखन साहू ने परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में एनटीपीसी सीपत के विकास कार्यों की सराहना की और सीएसआर के जरिए क्षेत्रीय विकास में एनटीपीसी के योगदान को अहम बताया। मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया ने परियोजना प्रभावित ग्रामों में बुनियादी सुविधाओं के विकास में एनटीपीसी की भूमिका की तारीफ की। सभी जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने के लिए एनटीपीसी का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास ही देश का विकास है और एनटीपीसी सीपत इस दिशा में लगातार अग्रणी भूमिका निभा रही है।


जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि सीएसआर के कार्यों से बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार होगा। पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कार्यों के लिए आभार जताया और कौशल विकास व सामाजिक विकास से जुड़े कामों की जरूरत बताई।


परियोजना प्रमुख ने साझा किया कार्यों का ब्योरा


परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे ने सीएसआर के अंतर्गत चल रही गतिविधियों का ब्योरा साझा किया और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों और मीडियाकर्मियों का आभार जताया।


इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य अरुणा सूर्या और राजेन्द्र धीवर, जनपद पंचायत अध्यक्ष सरस्वती देवी, जनपद सदस्य मनोज खरे, उषा देवी कैवर्त, रेवाशंकर साहू, मंजु देवी कुर्रे और अंजनी पटेल तथा ग्राम पंचायतों के सरपंच जयंती पटेल, विक्रम प्रताप सिंह, मनीषा वंशकार, चन्द्रकली पाटले, सरिता साहू, रीता रात्रे, रेखा सांडे और मीना वस्त्रकार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.