रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.873 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 93,650 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रिंग रोड नंबर-1 स्थित मुक्तिधाम के पास दो व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और भागने की कोशिश कर रहे दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान गणेश राम पटेल (55) और शेरा कुल्हरिया (30), निवासी सुभाष नगर देवारपारा, तेलीबांधा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास रखी बोरी से 1.873 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 508/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस गांजे की सप्लाई, परिवहन और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपियों को गांजा कहां से मिला और वे इसे किन लोगों को बेचने वाले थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।