जगदलपुर। CG NEWS : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में वन्यजीवों के अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दरभा वन परिक्षेत्र और कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान की संयुक्त टीम ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान बिजली का फंदा बिछाकर शिकार की तैयारी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 1425 में गश्त कर रही थी। इसी दौरान चार लोग जंगल में बिजली के तारों से फंदा लगाते मिले। टीम ने घेराबंदी कर चारों को मौके पर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चीतल और जंगली सूअर का शिकार करने के लिए फंदा लगाने की बात स्वीकार की। वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 और भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत मामला दर्ज किया है।
बस्तर वनमंडल के अधिकारी दीपेश कपिल के मुताबिक, कानूनी कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है। वन विभाग ने लोगों से जंगल में शिकार या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।