गरियाबंद। नगर में भक्ति और अध्यात्म का विराट उत्सव होने जा रहा है। आगामी 1 दिसम्बर से 7 दिसम्बर 2025 तक गरियाबंद के गांधी मैदान में सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक महोत्सव में सुप्रसिद्ध कथावाचक श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर संत डॉ. श्री इंद्रदेव सरस्वती जी महाराज (वृंदावन वाले) अपने मुखारबिंद से भगवान भोलेनाथ की अद्भुत महिमा, शिवभक्ति और जीवन दर्शन का रसपान कराएंगे।
कथा का शुभारंभ 1 दिसम्बर सोमवार (मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष एकादशी) को भव्य कलश यात्रा, वेदी पूजन और महात्म्य वाचन के साथ किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित होगी।
1 दिसम्बर (सोमवार) — भव्य कलश यात्रा, वेदी पूजन, महात्म्य वाचन
2 दिसम्बर (मंगलवार) — शिवमहापुराण परिचय, शिवलिंग स्थापना, भस्म-रुद्राक्ष विधि
3 दिसम्बर (बुधवार) — नारद मोह, सृष्टि वर्णन, अर्धनारीश्वर कथा
4 दिसम्बर (गुरुवार) — समुद्र मंथन, पंचमुखी कथा, गंगा अवतरण एवं श्रीराम जन्म उत्सव
5 दिसम्बर (शुक्रवार) — शिव चरित्र, पार्वती जन्म और शिव-पार्वती विवाह प्रसंग
6 दिसम्बर (शनिवार) — कार्तिक व गणेश जन्म, गजासुर कथा, दुर्वासा-हनुमान चरित्र, नंदेश्वर अवतरण
7 दिसम्बर (रविवार) — पंचाक्षर मंत्र, बिल्वपत्र वर्षा, सहस्त्रधारा स्नान एवं भव्य शोभायात्रा
8 दिसम्बर (सोमवार) — हवन, पूर्णाहुति, महाआरती, भंडारा व प्रसाद वितरण के साथ कथा का समापन
“गरियाबंद की पावन धरती पर पहली बार इतने भव्य रूप में श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नगर के प्रत्येक नागरिक के लिए शिवभक्ति का एक महोत्सव है। हमारी यही कामना है कि सभी श्रद्धालु अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान शिव की कृपा और पुण्य का लाभ प्राप्त करें। पूरे सप्ताह नगर का वातावरण शिवमय रहेगा।”
आयोजनकर्ता देवांगन परिवार ने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए सुगम व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, जलपान और प्रसाद वितरण की तैयारी की जा रही है। कथा स्थल को भव्य रूप से सजाया जाएगा, जहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना है।
गरियाबंद के गांधी मैदान में होने जा रही यह सात दिवसीय कथा नगर में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उत्सव का वातावरण बनाएगी।