CG | Fri, 20 November 2026

No Ad Available

दीपा सागर की मौत का मामला: अब मोबाइल और सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की होगी फॉरेंसिक जांच, रिपोर्ट से खुल सकते हैं कई राज

20 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 748 views
दीपा सागर की मौत का मामला: अब मोबाइल और सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की होगी फॉरेंसिक जांच, रिपोर्ट से खुल सकते हैं कई राज

जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर में दीपा सागर की मौत का मामला लगातार नए मोड़ ले रहा है। इस मामले में निष्पक्ष और गहराई से जांच की मांग कर रहे परिजनों ने अब पुलिस को दो महत्वपूर्ण चीजें सौंपी हैं। इनमें दीपा सागर का मोबाइल फोन और उनकी स्वाभाविक लिखावट वाली एक कॉपी शामिल है। पुलिस अब मोबाइल की फॉरेंसिक जांच के जरिए डिजिटल साक्ष्य जुटाएगी। वहीं कथित सुसाइड नोट की लिखावट का दीपा की वास्तविक हैंडराइटिंग से मिलान कराया जाएगा।

दीपा की मौत पर परिजनों ने उठाए सवाल

दरअसल, 2 नवंबर को गोलबाजार स्थित बाफना लाइफस्टाइल दुकान की छत पर दीपा सागर का शव मिलने के बाद से ही इस मामले में कई सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने शुरुआत से ही मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया था। इसके बाद मोबाइल से जुड़ी जानकारियों और कॉल डिटेल को लेकर भी परिवार ने सवाल उठाए थे।

मोबाइल और हैंडराइटिंग की होगी जांच

अब जांच के लिहाज से मोबाइल फोन और हैंडराइटिंग के नमूने पुलिस को सौंपे गए हैं। मोबाइल को विधिवत जब्त कर एफएसएल रायपुर भेजने की तैयारी है, जबकि लिखावट के मिलान के लिए दीपा की कॉपी पीएचक्यू में हैंडराइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजी जाएगी। इसके अलावा पुलिस सीडीआर का विश्लेषण कर रही है और अब तक कई लोगों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं।

रिपोर्ट के बाद सारी पहलू होगी स्पष्ट- थाना प्रभारी

इस पूरे मामले की जांच कर रहे कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने जांच की मौजूदा स्थिति को बताते हुए कहा कि फ़ोन और वास्तविक हैंडराइटिंग मिलने से जांच तेज़ हुई अब इसके रिपोर्ट आने के बाद सारी पहलू स्पष्ट होगी।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.