CG | Fri, 20 November 2026

No Ad Available

CG Job Fraud : रूस में फंसे छत्तीसगढ़ के दो युवक, नौकरी का झांसा देकर बुलाने और ड्रग्स केस में फंसाकर रूसी सेना में भर्ती करने का आरोप

20 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 774 views
CG Job Fraud : रूस में फंसे छत्तीसगढ़ के दो युवक, नौकरी का झांसा देकर बुलाने और ड्रग्स केस में फंसाकर रूसी सेना में भर्ती करने का आरोप

रायपुर। CG Job Fraud : अच्छे भविष्य और मोटी कमाई की उम्मीद लेकर रूस गए छत्तीसगढ़ के दो युवकों के परिवार अब उनकी सुरक्षित वापसी के लिए परेशान हैं। परिजनों का आरोप है कि नौकरी दिलाने का झांसा देकर एजेंटों ने दोनों युवकों को रूस बुलाया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है। युवकों को ड्रग्स के झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

रूस में फंसे युवकों की पहचान रायपुर के गुढ़ियारी निवासी टिकेश्वर साहू और बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे के रूप में हुई है। दोनों ने फोन और वीडियो संदेश के जरिए अपने परिवारों को वहां की स्थिति बताई है। इसके बाद से परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

टेलीग्राम पर मिला था नौकरी का ऑफर

परिजनों के मुताबिक, दोनों युवकों को टेलीग्राम एप के माध्यम से रूस में नौकरी का प्रस्ताव मिला था। एजेंटों ने उन्हें अच्छी कमाई का भरोसा दिलाने के साथ आने-जाने का हवाई टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था करने की बात कही थी। इसी भरोसे में दोनों युवक रूस चले गए।

हालांकि, रूस पहुंचने के बाद परिस्थितियां बदल गईं। परिजनों का आरोप है कि युवकों पर रूसी सेना में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। विरोध करने पर उन्हें ड्रग्स के झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है।

विदेश मंत्रालय से सुरक्षित वापसी की मांग

इस पूरे घटनाक्रम के बाद दोनों युवकों के परिवारों ने प्रशासन, केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से मदद की गुहार लगाई है। परिजनों ने भारतीय दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों युवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें सकुशल भारत वापस लाने की मांग की है। फिलहाल परिवार अपने बच्चों की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं।



WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.