गरियाबंद। CG NEWS : भारतीय जनता पार्टी जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा ने छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को एक पत्र लिखकर गरियाबंद जिला मुख्यालय में ‘नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय प्रारंभ किए जाने की जोरदार मांग की है।
14 वर्षों से रायपुर पर निर्भर हैं गरियाबंदवासी
पत्र में उल्लेख किया गया है कि गरियाबंद को जिला बने लगभग 14 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, लेकिन जिला मुख्यालय में आज तक नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय प्रारंभ नहीं हो पाया है। इस वजह से जिले के निवासियों और भूमि स्वामियों को अपनी भूमि का व्यपवर्तन (Diversion) व अन्य आवश्यक कार्यों के लिए रायपुर राजधानी के नगर तथा ग्राम निवेश कार्यालय पर निर्भर रहना पड़ता है।
दूरदराज के ग्रामीणों को उठानी पड़ती है भारी परेशानी
जिला मुख्यालय से अंतिम छोर पर स्थित देवभोग की दूरी लगभग 130 किलोमीटर है। देवभोग और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को नगर निवेश कार्यालय से संबंधित अपने कार्यों के संपादन के लिए करीब 240 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जनभावनाओं के अनुरूप त्वरित कार्रवाई की मांग
भाजपा जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा ने राजस्व मंत्री से आग्रह किया है कि उनकी अनुशंसा पर गरियाबंद जिला मुख्यालय में जल्द से जल्द नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय का शुभारंभ किया जाए, ताकि जिले की जनता को भूमि व्यपवर्तन और अन्य कार्यों के लिए राहत मिल सके और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से मुक्ति मिल सके इस मांग पत्र पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों का भी समर्थन प्राप्त है।