CG | Fri, 27 November 2026

No Ad Available

गैस कटर से ज्वेलरी शॉप का ताला काटकर डकैती की कोशिश, CCTV ढंकने के बावजूद पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 5 को पकड़ा

27 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 710 views
गैस कटर से ज्वेलरी शॉप का ताला काटकर डकैती की कोशिश, CCTV ढंकने के बावजूद पुलिस ने 2 नाबालिग समेत 5 को पकड़ा

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक ज्वेलरी दुकान में डकैती की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे को कागज चिपकाकर ढंक दिया और फिर गैस कटर की मदद से दुकान का ताला काट दिया। हालांकि, वे दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। मामले की जांच के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक नाबालिग लड़के और एक नाबालिग लड़की को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने कुल पांच लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।

बता दें कि मामला खमतराई थाना क्षेत्र के श्रीनगर का है। यहां सुरेश ज्वेलर्स नाम से दुकान चलाने वाले सुरेश ढीमन ने पुलिस को बताया कि वह 13 नवंबर 2026 की रात दुकान में ताला लगाकर अपने निजी काम से बाहर गए थे। 18 नवंबर को लौटने के बाद जब उन्होंने दुकान में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी तो चोरी की कोशिश का पता चला।

फुटेज में 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे कुछ लोग दुकान के बाहर संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिए। आरोप है कि उन्होंने सबसे पहले दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे को कागज से ढंक दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद गैस कटर से दुकान का ताला काटने की कोशिश की गई। हालांकि, आरोपी दुकान से सामान ले जाने में नाकाम रहे।

शिकायत के आधार पर खमतराई थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। शुरुआत में पुलिस ने चोरी की कोशिश के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305 और 62 के तहत अपराध दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने जांच के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली और दुकानदार के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ की। साथ ही मुखबिरों के जरिए संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की गई। इसी दौरान पुलिस को वारदात में शामिल लोगों के बारे में अहम जानकारी मिली।

जांच के आधार पर पुलिस ने खमतराई इलाके में रहने वाले वासुदेव सरकार, गुंजन बार और नाज नौशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों ने एक नाबालिग लड़के और एक नाबालिग लड़की के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को भी पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में वासुदेव सरकार (उम्र 25 साल) पिता बाबूलाल सरकार, निवासी शिवानंद नगर सेक्टर-1, जैना कॉलोनी, खमतराई शामिल है। दूसरा आरोपी गुंजन बार (उम्र 18 साल) पिता गौतम बार है। वह मूल रूप से नेहरू नगर कॉलोनी, पानी टंकी के पास, माहेश श्रीरामपुर, थाना श्रीरामपुर, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और फिलहाल वासुदेव सरकार के मकान में रह रहा था। तीसरी आरोपी नाज नौशाद सनादी (उम्र 34 साल) पति नौशाद सलाउद्दीन सनादी, निवासी शिवानंद नगर सेक्टर-1, जैना कॉलोनी, खमतराई है।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मामले में डकैती की कोशिश से जुड़े साक्ष्य मिलने पर दर्ज FIR में BNS की धारा 310(4) भी जोड़ दी गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे का कटर, हेलमेट, चार मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है।

फिलहाल तीनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दोनों नाबालिगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.