छुरा/ पाण्डुका। CG NEWS: वन परिक्षेत्र अंतर्गत तिलईदादर बीट से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां जंगल से लगे खेत में काम करने गए एक ग्रामीण पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, हालांकि उसने साहस और सूझबूझ से किसी तरह अपनी जान बचाने में सफलता पाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गिधनी निवासी तुलसी राम ठाकुर सुबह अपने खेत की ओर गए हुए थे। खेत के पास ही घना जंगल और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण वहां जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकलकर एक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में तुलसी राम ठाकुर ने किसी तरह खुद को बचाया और तत्काल अपने परिजनों को सूचना दी। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत छुरा उपस्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। इस घटना के बाद में भय और बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आए दिन जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे उनकी जान-माल को खतरा बना हुआ है। खासकर वर्तमान में तेंदूपत्ता तोड़ाई का कार्य चल रहा है, जिसके चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण रोजाना जंगल की ओर जाते हैं, ऐसे में इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय बन गई हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल ग्रामीण से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। विभाग द्वारा तत्काल सहायता राशि के रूप में 1000 रुपये प्रदान किए गए। साथ ही ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और सतर्कता बरतें।
The post CG NEWS: खेत गए ग्रामीण पर तेंदुए का हमला, बाल-बाल बची जान appeared first on Grand News.