CG | Thu, 05 November 2026

No Ad Available

CG NEWS : पुलिस और वकीलों की मौजूदगी में सड़क पर सोता रहा नशेड़ी, खड़ी स्कॉर्पियो ने भी बढ़ाई मुश्किलें, कलेक्ट्रेट से जिला कोर्ट तक लगा लंबा जाम

05 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 1027 views
CG NEWS : पुलिस और वकीलों की मौजूदगी में सड़क पर सोता रहा नशेड़ी, खड़ी स्कॉर्पियो ने भी बढ़ाई मुश्किलें, कलेक्ट्रेट से जिला कोर्ट तक लगा लंबा जाम

बिलासपुर। CG NEWS : न्यायधानी बिलासपुर में जिला कोर्ट और जिला पंचायत कार्यालय के पास सड़क पर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने शहर की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। नशे में धुत एक व्यक्ति बीच सड़क पर ही लेटकर सो गया। इसके चलते देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई और कलेक्ट्रेट से जिला कोर्ट तक जाम की स्थिति बन गई। हैरानी की बात यह रही कि जिला कोर्ट जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर पुलिसकर्मियों और वकीलों की मौजूदगी के बावजूद काफी देर तक व्यक्ति सड़क पर पड़ा रहा और वाहन चालक जाम में फंसे परेशान होते रहे।

प्रत्यक्ष स्थिति के मुताबिक, नशे में धुत व्यक्ति सड़क के बीचोंबीच बेखौफ होकर लेटा रहा। उसे हटाने या यातायात सुचारू कराने की कोई तत्काल पहल नजर नहीं आई। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती रही। कलेक्ट्रेट और जिला कोर्ट आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आमतौर पर इस मार्ग पर अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन सड़क पर व्यक्ति के लेट जाने से पूरा रास्ता बाधित हो गया। पुलिसकर्मियों और वकीलों की मौजूदगी में इस तरह सड़क पर जाम लगना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता रहा।

जाम की परेशानी उस वक्त और बढ़ गई, जब सड़क पर काले रंग की एक स्कॉर्पियो भी खड़ी रही। एक तरफ नशे में धुत व्यक्ति सड़क पर लेटा हुआ था, तो दूसरी तरफ खड़ी स्कॉर्पियो के कारण वाहनों की आवाजाही और मुश्किल हो गई। काफी देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आखिरकार नशे में धुत व्यक्ति खुद ही सड़क से किनारे हटा, जिसके बाद वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका। जिला कोर्ट और कलेक्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों के सामने यातायात व्यवस्था की यह तस्वीर कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर ऐसी स्थिति में तत्काल व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी किसकी है और बीच सड़क पर इस तरह जाम लगने से आम लोगों को कब राहत मिलेगी?


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.