CG | Tue, 17 November 2026

No Ad Available

CG News : अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, दो ट्रकों से 595 क्विंटल धान जब्त

17 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 827 views
CG News : अवैध धान परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, दो ट्रकों से 595 क्विंटल धान जब्त

राजनांदगांव। CG News : छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के बीच अवैध धान परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पाटेकोरा बैरियर पर जांच के दौरान धान से लदे दो ट्रक पकड़े गए। दोनों वाहनों से कुल 595 क्विंटल धान बरामद किया गया है। प्रशासन ने ट्रकों समेत धान को जब्त कर लिया है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान पकड़े गए दो ट्रक

जानकारी के अनुसार, कलेक्टर ने पाटेकोरा बैरियर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, एसडीएम और खाद्य अधिकारी भी मौजूद रहे। जांच के दौरान बैरियर पर अवैध रूप से धान का परिवहन करते दो ट्रक पकड़े गए।

पहले ट्रक की जांच में 742 बोरों में भरा 306 क्विंटल धान मिला। वहीं, दूसरे ट्रक से 289 क्विंटल धान बरामद किया गया। इस तरह दोनों वाहनों से कुल करीब 595 क्विंटल धान जब्त किया गया है।

बिना अनुमति धान परिवहन पर होगी कड़ी कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान कलेक्टर ने बैरियर पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले वाहनों की नियमित और सघन जांच की जाए। बिना वैध अनुमति के धान का परिवहन करने वाले वाहनों को किसी भी स्थिति में गुजरने नहीं दिया जाए।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी सीजन में किसानों के हितों की रक्षा करना और सरकारी खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अवैध परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से धान का भंडारण या परिवहन किए जाने की जानकारी मिलती है, तो तत्काल इसकी सूचना प्रशासन को दें। प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.