CG | Thu, 19 November 2026

No Ad Available

CG NEWS : अटल आवास में खूनी संघर्ष, दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, एक युवक की मौत, तीन घायल

18 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 1040 views
CG NEWS : अटल आवास में खूनी संघर्ष, दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, एक युवक की मौत, तीन घायल

बिलासपुर। CG NEWS : जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर के बगड़ाई मंदिर के पास अटल आवास में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के तीन युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान मयंक ध्रुव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना रात की है। छत पर लकड़ी जलाने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इस दौरान दोनों ओर से नुकीले हथियारों से हमला किया गया। हमले में एक पक्ष के सुदामा साहू, बिट्टू मानिकपुरी और एक अन्य युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के करीब 19 से 20 वर्षीय मयंक ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि शुरुआती जानकारी में छत पर लकड़ी जलाने को लेकर विवाद की बात सामने आई है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच विवाद की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। एक युवक की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद अटल आवास क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे घटना की जांच में जुटी हुई है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.