CG | Tue, 27 October 2026

No Ad Available

CG NEWS : बच्चा चोरी के शक में 5 महिलाओं से मारपीट, पुलिस ने बताई विवाद की दूसरी वजह

27 Oct 2026 | WEENEWS DESK | 832 views
CG NEWS : बच्चा चोरी के शक में 5 महिलाओं से मारपीट, पुलिस ने बताई विवाद की दूसरी वजह

दुर्ग। CG NEWS : दुर्ग जिले के भिलाई-तीन थाना क्षेत्र स्थित नंदौरी गांव में पांच महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ महिलाओं के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही है। ग्रामीणों ने महिलाओं पर बच्चा चोरी के संदेह में पकड़े जाने का दावा किया है, जबकि पुलिस ने इस दावे से इनकार करते हुए विवाद की वजह घरों में घुसकर पैसे मांगने को बताया है।

बच्चा चोरी के संदेह में पकड़े जाने का दावा

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पांचों महिलाएं ऑटो से गांव पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि महिलाएं पहले भी गांव आ चुकी थीं। इस बार बच्चों के चिल्लाने के बाद कुछ ग्रामीणों को उन पर बच्चा चोरी का संदेह हुआ, जिसके बाद महिलाओं को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों का दावा है कि महिलाओं के साथ आए दो अन्य लोग मौके से भाग गए। हालांकि, बच्चा चोरी की आशंका की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने विवाद की बताई दूसरी वजह

सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा के अनुसार, गांव के सरपंच ने शिकायत की थी कि कुछ महिलाएं घरों में घुसकर लोगों से पैसे मांग रही थीं। इसी बात को लेकर ग्रामीणों और महिलाओं के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मामला बच्चा चोरी का नहीं, बल्कि पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद का है।

थाने में पूछताछ, जांच जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस महिलाओं को थाने लेकर आई। शिकायत करने वाले पक्ष को भी बुलाया गया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़ी गई सभी महिलाएं दुर्ग के जेवरा-सिरसा क्षेत्र की रहने वाली हैं। मामले में शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.