CG | Thu, 22 October 2026

No Ad Available

वीबी-जी राम जी योजना से संवर रहे गांव, बढ़ रहे रोजगार के अवसर, स्थानीय श्रमिकों को प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी से मिल रहा आर्थिक संबल….

22 Oct 2026 | WEENEWS DESK | 723 views
वीबी-जी राम जी योजना से संवर रहे गांव, बढ़ रहे रोजगार के अवसर, स्थानीय श्रमिकों को प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी से मिल रहा आर्थिक संबल….

रायपुर: ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और उपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत धमतरी जिले में विभिन्न विकास कार्यों को गति मिल रही है। धमतरी, कुरुद, मगरलोड और नगरी विकासखंडों में आजीविका डबरी, निजी एवं सामुदायिक तालाब, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम शेड, जल स्रोतों में सैंड फिल्टर तथा नालियों की सफाई एवं गहरीकरण जैसे कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों से जहां ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है, वहीं स्थानीय श्रमिकों को अपने गांव और आसपास ही रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।

जल संरक्षण और ग्रामीण सुविधाओं के विकास पर जोर

योजना के अंतर्गत आजीविका डबरी, निजी तालाब और सामुदायिक डबरी का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इन संरचनाओं से वर्षा जल के संचयन, भूजल पुनर्भरण तथा स्थानीय स्तर पर जल उपलब्धता को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। जल स्रोतों में सैंड फिल्टर निर्माण के कार्य भी जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने की दिशा में उपयोगी हैं। वहीं, बालिका शौचालयों का निर्माण स्वच्छता एवं छात्राओं की सुविधा को बढ़ावा देने में सहायक है। मुक्तिधाम शेड का निर्माण ग्रामीणों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराता है। इसी तरह नालियों की सफाई और गहरीकरण से जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने तथा गांवों में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

वीबी-जी राम जी योजना से संवर रहे गांव, बढ़ रहे रोजगार के अवसर

स्थानीय स्तर पर रोजगार से श्रमिक परिवारों को राहत

वीबी-जी राम जी योजना के तहत संचालित कार्य ग्रामीण श्रमिकों के लिए आजीविका के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। विभिन्न निर्माण कार्यों में स्थानीय श्रमिकों को नियोजित किए जाने से उन्हें अपने क्षेत्र में ही काम मिल रहा है। योजना के अंतर्गत प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी मिलने से श्रमिक परिवारों को आर्थिक संबल प्राप्त हो रहा है। मजदूरी का नियमानुसार समय पर भुगतान होने से श्रमिकों को अपने परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलती है। स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होने से काम की तलाश में दूसरे स्थानों पर जाने की मजबूरी भी कम हो सकती है।

इस प्रकार योजना के माध्यम से रोजगार और ग्रामीण विकास को परस्पर जोड़ते हुए गांवों में उपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण किया जा रहा है। इन कार्यों का लाभ वर्तमान में रोजगार प्राप्त कर रहे श्रमिकों के साथ-साथ भविष्य में इन सुविधाओं का उपयोग करने वाले ग्रामीण परिवारों को भी मिलेगा।

गुणवत्तापूर्ण निर्माण और समयबद्ध भुगतान पर विशेष ध्यान

जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने बताया कि वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में उपयोगी परिसंपत्तियों का निर्माण और स्थानीय श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है। जिले के विभिन्न विकासखंडों में संचालित कार्यों की प्रगति पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि स्वीकृत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक और समय-सीमा में पूरे हों तथा श्रमिकों को उनके कार्य के बदले नियमानुसार समय पर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना आवश्यक है। इससे निर्मित परिसंपत्तियों की उपयोगिता लंबे समय तक बनी रहेगी और ग्रामीणों को उनका वास्तविक लाभ मिल सकेगा। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती देने, जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp