CG | Tue, 17 March 2026

No Ad Available

Varinder Singh Ghuman : बॉडी-बिल्डर और एक्टर वरिंदर सिंह घुमन का दिल का दौरा पड़ने से निधन, सलमान खान के साथ कर चुके थे काम

10 Oct 2025 | JAY SHANKAR PANDEY | 131 views
Varinder Singh Ghuman : बॉडी-बिल्डर और एक्टर वरिंदर सिंह घुमन का दिल का दौरा पड़ने से निधन, सलमान खान के साथ कर चुके थे काम

नई दिल्ली। Varinder Singh Ghuman : प्रसिद्ध पेशेवर बॉडी-बिल्डर और बॉलीवुड एक्टर वरिंदर सिंह घुमन का बृहस्पतिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। परिवार के मुताबिक, 41 वर्षीय घुमन को कंधे में दर्द की शिकायत के बाद अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शाम करीब पांच बजे उन्हें हार्ट अटैक आया।

घुमन के मैनेजर यादविंदर सिंह ने बताया कि एक्टर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनके भतीजे अमनजोत सिंह घुमन ने जालंधर में पुष्टि करते हुए कहा कि “डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, मगर उन्हें बचाया नहीं जा सका।”

सलमान खान के साथ किया था काम

वरिंदर घुमन ने सलमान खान की सुपरहिट फिल्म ‘टाइगर 3’ (2023) में अहम किरदार निभाया था।

इसके अलावा वे ‘रोर: टाइगर्स ऑफ सुंदरबन्स’ (2014), ‘मरजावां’ (2019) और पंजाबी फिल्म ‘कबड्डी वन्स अगेन’ (2012) में भी नजर आए थे।

Read More:

घुमन ने 2009 में मिस्टर इंडिया का खिताब जीता था और मिस्टर एशिया प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया था। वे गुरदासपुर के मूल निवासी थे और वर्तमान में जालंधर में रह रहे थे।

‘ही-मैन ऑफ इंडिया’ कहे जाते थे घुमन

घुमन को उनकी शाकाहारी जीवनशैली और सख्त फिटनेस रूटीन के लिए जाना जाता था।

वे देश के पहले पूर्ण शाकाहारी बॉडी-बिल्डर माने जाते थे और फिटनेस जगत में प्रेरणा का स्रोत थे।

नेताओं ने जताया शोक

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने उन्हें “पंजाब का गौरव” बताते हुए कहा —

“ही-मैन ऑफ इंडिया, वरिंदर घुमन जी का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और शाकाहारी जीवनशैली से फिटनेस की दुनिया में नए मानक स्थापित किए।”

कांग्रेस सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा —

“वरिंदर घुमन ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा से पंजाब का नाम रोशन किया। वाहेगुरु दिवंगत आत्मा को शांति दे और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।”


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.