महाराष्ट्र। VAIRAL VIDEO: नवविवाहित जोड़े के लिए फर्स्ट एसी कूपे को इस तरह सजाया गया कि वह किसी लग्जरी होटल के हनीमून सुइट जैसा नजर आने लगा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने इसकी खूब चर्चा की, लेकिन मामला रेलवे अधिकारियों तक पहुंचा तो इसे नियमों और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के रूप में देखा गया। इसके बाद संबंधित टिकट चेकर (टीटीई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
वायरल वीडियो में ट्रेन के फर्स्ट एसी केबिन को रंग-बिरंगे गुब्बारों, ताजे फूलों और गुलाब की पंखुड़ियों से आकर्षक तरीके से सजाया गया था। इतना ही नहीं, केबिन की दीवार पर I Love You का संदेश भी बनाया गया था। पहली नजर में यह किसी होटल के विशेष कमरे जैसा दिखाई देता था। यही वजह रही कि वीडियो ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान तेजी से अपनी ओर खींच लिया।
रेलवे के नियमों पर उठे सवाल
हालांकि, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस सजावट के लिए एक बाहरी डेकोरेटर को बिना अनुमति के ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में प्रवेश दिया गया था. रेलवे के नियमों के अनुसार किसी भी व्यक्ति को इस तरह संवेदनशील कोच में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा सकती है। जांच में शुरुआती तौर पर ड्यूटी पर मौजूद टिकट चेकर की लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई अधिकारियों का मानना है कि यह केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला भी है।
घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय भी बंटी हुई दिखाई दी। कई यूजर्स ने इसे नवविवाहित जोड़े के लिए बेहद खूबसूरत और यादगार सरप्राइज बताया। उनका कहना था कि अपने जीवनसाथी को खास महसूस कराने के लिए किया गया यह प्रयास सराहनीय है और ऐसी यादें जिंदगीभर साथ रहती हैं।
वहीं दूसरी ओर, बड़ी संख्या में लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई. उनका सवाल था कि ट्रेन जैसे सार्वजनिक परिवहन में गुब्बारों, प्लास्टिक की सजावट और अन्य सजावटी सामान का इस्तेमाल आग जैसी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा सकता है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि इस तरह की गतिविधियों से रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन संबंधी नियमों पर सवाल खड़े होते हैं. फिलहाल रेलवे पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नियमों की अनदेखी कैसे हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या अतिरिक्त कदम उठाए जाने चाहिए।