CG | Mon, 10 August 2026

No Ad Available

तोरवा पुलिस की अनदेखी का नतीजा: शराब दुकान के पास दिनदहाड़े ऑटो ड्राइवर की हत्या, इलाके के CCTV भी बंद

10 Aug 2026 | WEENEWS DESK | 1126 views
तोरवा पुलिस की अनदेखी का नतीजा: शराब दुकान के पास दिनदहाड़े ऑटो ड्राइवर की हत्या, इलाके के CCTV भी बंद

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द इलाके में सोमवार दोपहर पूर्व जनपद सदस्य के पति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान देवरीखुर्द निवासी बबला साहू के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो ड्राइवर था। सूत्रों के अनुसार वारदात को अंजाम देने वाले दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर शराब भट्ठी पहुंचे थे और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात इलाके की शराब दुकान के ठीक पास हुई है।

हत्या की सूचना मिलने के बाद तोरवा थाने की टीम मौके पर पहुंची है पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन इलाके में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरे बंद मिले हैं। और कुछ कैमरे खराब होने के कारण आरोपियों की पहचान करने में दिक्कत आ रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के अन्य सीसी tv फुटेज की जानकारी जुटा रही है और अन्य लोगों से पूछताछ भी कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस जांच जारी है।


सुस्त पुलिसिंग से इलाके में गुस्सा


स्थानीय लोगों में तोरवा पुलिस के खिलाफ नाराजगी है। रहवासियों का कहना है कि शराब दुकान के बाहर रोज असामाजिक तत्वों की भीड़ लगती है। नशे में धुत लोग राहगीरो से अक्सर गाली-गलौज और विवाद करते हैं। इलाके के लोगों ने कई बार तोरवा पुलिस से यहां गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग की थी। थाने में शिकायत भी की गई, लेकिन पुलिस ने कभी इन बातों पर ध्यान नहीं दिया।


पुराने मामलों से नहीं लिया सबक


देवरीखुर्द में शराब दुकान के आसपास मारपीट और चाकूबाजी की यह कोई पहली घटना नहीं है। पहले भी यहां नशेड़ियों के बीच झगड़े और मारपीट के कई मामले सामने आते रहे हैं। हर बार पुलिस मौके पर आती है और मामूली कार्रवाई कर लौट जाती है। पुराने मामलों में पुलिस की ढिलाई के कारण ही बदमाशों के हौसले इतने बुलंद है कि बदमाशों ने सरेआम दिन के उजाले में हत्या जैसी वारदात को अंजाम दे दिया। इधर तोरवा पुलिस अब आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही है।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.