CG | Sun, 26 July 2026

No Ad Available

स्टालिन की भतीजी ने बैंक मैनेजर को जड़ा थप्पड़, CCTV में कैद हुई घटना; VIDEO वायरल होने के बाद केस दर्ज

26 Jul 2026 | WEENEWS DESK | 855 views
स्टालिन की भतीजी ने बैंक मैनेजर को जड़ा थप्पड़, CCTV में कैद हुई घटना; VIDEO वायरल होने के बाद केस दर्ज

चेन्नई। Viral Video: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की भतीजी और पूर्व केंद्रीय मंत्री एमके अलागिरी की बेटी कयालविझी का एक CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह कथित तौर पर एक बैंक मैनेजर को थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं। घटना बैंक में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला चेन्नई के अडयार इलाके का बताया जा रहा है। यहां कयालविझी की एक कमर्शियल बिल्डिंग में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा संचालित होती है। इसी बैंक शाखा के मैनेजर के साथ बातचीत के दौरान विवाद होने की बात सामने आई है।

बातचीत के बीच अचानक उठीं और मारा थप्पड़

वायरल CCTV फुटेज में कयालविझी एक अन्य व्यक्ति के साथ बैठकर बैंक मैनेजर से बातचीत करती दिखाई देती हैं। बातचीत के दौरान वह अचानक अपनी कुर्सी से उठती हैं और कथित तौर पर मैनेजर को थप्पड़ मार देती हैं। उनके साथ मौजूद व्यक्ति उन्हें रोकने की कोशिश करता हुआ दिखाई देता है।

घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

खराब लिफ्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि विवाद कमर्शियल बिल्डिंग में खराब लिफ्ट को लेकर शुरू हुआ। बैंक मैनेजर ने कथित तौर पर कयालविझी से लिफ्ट की मरम्मत कराने के लिए कहा था। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया।

इसके बाद बैंक के चीफ मैनेजर की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर चेन्नई पुलिस ने कयालविझी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एमके अलागिरी की बेटी हैं कयालविझी

कयालविझी तमिलनाडु की राजनीति के प्रमुख करुणानिधि परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता एमके अलागिरी पूर्व केंद्रीय मंत्री और DMK के पूर्व वरिष्ठ नेता हैं। अलागिरी तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि के बेटे और मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बड़े भाई हैं।

फिलहाल वायरल CCTV फुटेज और शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट होने की उम्मीद है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.