कोरबा। CG NEWS : कोरबा के कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक के फरार होने का एक और मामला सामने आया है। शनिवार सुबह मुख्य द्वार खुलने के दौरान सुरक्षा में तैनात जवानों का ध्यान दूसरी ओर गया, तभी चोरी के मामले में निरुद्ध बालक चैनल गेट खोलकर परिसर से बाहर निकल गया। गिनती के दौरान उसके गायब होने का पता चला, जिसके बाद संप्रेक्षण गृह में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
चोरी के मामले में 27 सितंबर को कराया गया था दाखिल
जानकारी के मुताबिक, पोंडीबहार निवासी बालक को चोरी के मामले में 27 सितंबर को कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया था। शनिवार सुबह मुख्य द्वार खुलने के बाद जवान अपने काम में व्यस्त हो गए। इसी दौरान बालक ने मौके का फायदा उठाया और चैनल गेट खोलकर फरार हो गया।
गिनती के दौरान सामने आया फरार होने का मामला
बाल संप्रेक्षण गृह में बच्चों की गिनती की गई तो एक बालक के गायब होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल बालक की तलाश शुरू कर दी और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि बालक की तलाश की जा रही है। उसके घर और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके संभावित ठिकाने का पता लगाया जा सके।
पहले भी हो चुकी हैं फरारी की घटनाएं
कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालकों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां से बालकों के भागने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस फरार बालक की तलाश में जुटी है। बालक के बरामद होने के बाद ही फरारी की पूरी परिस्थितियों और सुरक्षा में हुई चूक को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी।