CG | Sun, 11 October 2026

No Ad Available

सेवा संकल्प अभियान: युवाओं के नवाचार को मिलेगा बड़ा मंच, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज 2026’ में जीतने का सुनहरा अवसर

10 Oct 2026 | WEENEWS DESK | 836 views
सेवा संकल्प अभियान: युवाओं के नवाचार को मिलेगा बड़ा मंच, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज 2026’ में जीतने का सुनहरा अवसर

रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा, नवाचारी सोच और नए विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज 2026’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही उनके नवाचारी विचारों को पहचान दिलाने और उन्हें उपयोगी समाधान के रूप में विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। प्रतियोगिता के अंतर्गत 10 विभिन्न क्षेत्रों में नवाचारी विचार आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्र से 5 विजेताओं का चयन कर कुल 50 प्रतिभागियों को 10-10 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार प्रतियोगिता के लिए कुल 5 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवा एवं विद्यार्थी 17 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं को नवाचार एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा प्रतियोगिता में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आज गौरेला पेन्ड्रा मरवाही जिले के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गौरेला में जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षणार्थियों को प्रतियोगिता के उद्देश्य, भागीदारी की प्रक्रिया, ऑनलाइन पंजीयन तथा नवाचारी विचार प्रस्तुत करने के अवसरों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

युवाओं के नवाचार को मिलेगा बड़ा मंच, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज 2026’ में जीतने का सुनहरा अवसर

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक क्षमता और नवाचारी सोच का उपयोग करते हुए प्रतियोगिता में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के युवा नई सोच, तकनीकी दक्षता और रचनात्मक विचारों के माध्यम से समाज की विभिन्न समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करने की क्षमता रखते हैं। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित अवसर और मंच उपलब्ध हो।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने आसपास की समस्याओं को पहचानें और उनके व्यावहारिक समाधान के लिए नए विचार विकसित करें। नवाचार केवल नई तकनीक विकसित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि दैनिक जीवन, उद्योग, रोजगार और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने वाले उपयोगी विचार भी नवाचार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने युवाओं से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक पंजीयन कराने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं में प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजन उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा अपने नए विचारों के माध्यम से जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक सुनील पाण्डेय ने प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज 2026’ के अंतर्गत 10 अलग-अलग क्षेत्रों से नवीन, रचनात्मक एवं उपयोगी विचार आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्र में श्रेष्ठ पांच नवाचारी विचारों का चयन किया जाएगा। इस प्रकार कुल 50 विजेताओं को 10-10 लाख रुपए के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में नवाचार की भावना को बढ़ावा देना, उनकी रचनात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना तथा ऐसे विचारों को सामने लाना है, जो भविष्य में समाज, उद्योग और जनजीवन के लिए उपयोगी साबित हो सकें। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपनी सोच और प्रतिभा को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

पाण्डेय ने बताया कि प्रतियोगिता केवल शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षणार्थियों तक सीमित नहीं है। संस्थान के बाहर के इच्छुक युवा एवं विद्यार्थी भी इसमें भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं तक प्रतियोगिता की जानकारी पहुंचाना आवश्यक है, ताकि प्रतिभाशाली विद्यार्थी और नवाचारी सोच रखने वाले युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन कराने और अपने विचारों को प्रतियोगिता में प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते अपना पंजीयन सुनिश्चित करें। साथ ही अपने नवाचारी विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाएं।
अधिकारियों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा, तकनीकी कौशल और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। इससे युवाओं में नवाचार के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही नए विचारों को प्रोत्साहन मिलेगा।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.