नई दिल्ली: Rajpal Yadav Bail : बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई टाल दी है, जिसका मतलब है कि उन्हें फिलहाल तिहाड़ जेल में ही वक्त गुजारना होगा। अब इस मामले की अगली सुनवाई सोमवार, 16 फरवरी को होगी।
कानून से ऊपर कोई नहीं
सुनवाई के दौरान दिल्ली हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “हमें आपसे हमदर्दी हो सकती है, लेकिन कानून अपनी जगह है।” अदालत ने इस बात पर नाराजगी जताई कि राजपाल यादव ने कोर्ट के पिछले आदेशों के बावजूद समय पर सरेंडर नहीं किया था। जब दोबारा सख्त आदेश दिए गए, तब जाकर उन्होंने खुद को कानून के हवाले किया।
वकील की दलील: बेटी की शादी में शामिल होना है
राजपाल यादव के वकील ने कोर्ट से अंतरिम जमानत की गुहार लगाते हुए दलील दी कि अभिनेता के बड़े भाई की बेटी की शादी है और उन्हें उसमें शामिल होना जरूरी है। वकील ने यह भरोसा भी दिलाया कि राजपाल बची हुई रकम कोर्ट में जमा करने के लिए तैयार हैं और बॉलीवुड के कई साथियों ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है।
सोमवार तक क्यों टली सुनवाई?
सुनवाई टलने की मुख्य वजह यह रही कि राजपाल यादव के वकील अपने मुवक्किल (राजपाल) से जेल में संपर्क नहीं कर पाए थे। उन्होंने अदालत से दूसरे पक्ष को जवाब देने के लिए समय देने और सोमवार तक मामले को टालने का अनुरोध किया, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि राजपाल यादव एक चेक बाउंस और धोखाधड़ी के मामले में जेल की सजा काट रहे हैं। उन्होंने अपनी एक फिल्म के लिए भारी भरकम कर्ज लिया था, जिसे समय पर न लौटाने और कोर्ट को गुमराह करने के आरोपों के चलते उन्हें जेल की सजा सुनाई गई थी।