रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तलाश के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ संदिग्ध युवक महज तीन घंटे के भीतर दोबारा पकड़ लिया गया। थाना मौदहापारा और एंटी नारकोटिक्स टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुशर्रफ खान (24) को रजबंधा मैदान के पास पकड़ा गया था, लेकिन पूछताछ और आगे की कार्रवाई के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक प्रतिबंधित मादक पदार्थ अपने पास रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना पर थाना मौदहापारा और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान के पास दबिश देकर मुशर्रफ खान पिता मुख्तार खान, निवासी मौदहापारा को पकड़ा था।
इसी दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना मौदहापारा पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर तलाश शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फरार होने के करीब तीन घंटे के भीतर उसे दोबारा पकड़कर अभिरक्षा में ले लिया।
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई जारी है। प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।