रायपुर। RAIPUR NEWS : माना एयरपोर्ट पर संचालित ओला, उबर, रैपिडो और अन्य टैक्सी सेवाओं को लेकर रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सख्ती दिखाई है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शनिवार, 21 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण ने सीएसपी माना कार्यालय में टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक ली।
बैठक में टैक्सी चालकों एवं ऑपरेटरों को यात्रियों के साथ शालीनता और सम्मानपूर्वक व्यवहार करने तथा शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित किराया ही लेने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। टैक्सी बुकिंग और किराये को लेकर किसी भी प्रकार का विवाद, वाद-विवाद या लड़ाई-झगड़े की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
पुलिस ने ऑपरेटरों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने, यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करने अथवा किराये को लेकर विवाद उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए टैक्सी ऑपरेटरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।