CG | Fri, 30 October 2026

No Ad Available

RAIPUR NEWS : साधु के भेष में ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, नाबालिग समेत 2 गिरफ्तार

30 Oct 2026 | WEENEWS DESK | 915 views
RAIPUR NEWS : साधु के भेष में ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, नाबालिग समेत 2 गिरफ्तार

रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर में साधु बाबा बनकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर सोने के आभूषण और नकदी ठगने वाले दो आरोपियों को गंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत के 17 ग्राम सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

बीमारी और घरेलू परेशानी बताकर जीता भरोसा

पुलिस के मुताबिक, जय लक्ष्मी कॉम्प्लेक्स फाफाडीह निवासी जसवंत परमार ने गंज थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि मार्च 2026 में तीन अज्ञात व्यक्ति साधु के वेश में उनके घर पहुंचे थे। आरोपियों ने उनकी पत्नी की बीमारी, आंखों की परेशानी और परिवार की अन्य समस्याओं के बारे में सटीक बातें बताकर विश्वास हासिल कर लिया।

इसके बाद आरोपियों ने पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करने के नाम पर उनकी पत्नी से सोने की अंगूठी और नकदी ले ली। इस तरह आरोपियों ने परिवार को अपने झांसे में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

मोबाइल नंबरों की जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की शिकायत मिलने के बाद गंज थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल नंबरों और पीड़ित की पत्नी को फोन करने वाले अन्य नंबरों के तकनीकी साक्ष्य जुटाए। लगातार जांच के बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू और एक नाबालिग को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ का झांसा देकर ठगी करना स्वीकार किया।

तीसरा आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

गंज थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत के 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318 BNS के तहत कार्रवाई की है। मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर पर आने वाले अनजान व्यक्तियों की बातों में आकर उन्हें नकदी या कीमती आभूषण न सौंपें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.