रायपुर। Raipur Breaking : छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के सफल अभ्यर्थियों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। नियुक्ति की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थी आज नवा रायपुर स्थित स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निवास पर पहुंचे और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि शिक्षा विभाग की हालिया समीक्षा बैठक में उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे वे बेहद निराश और आक्रोशित हैं।
भर्ती पास लेकिन नियुक्ति नहीं
अभ्यर्थियों ने मंत्री निवास के बाहर धरना शुरू करते हुए नारेबाजी की और बैनर लगाए। उनकी मुख्य मांग है कि सहायक शिक्षक भर्ती 2023 में सफल अभ्यर्थियों की जल्द से जल्द नियुक्ति की जाए। धरने में शामिल अभ्यर्थियों ने कहा कि परीक्षा पास करने के बावजूद साल भर से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन नियुक्ति पत्र नहीं मिल रहा। वे आरोप लगाते हैं कि विभाग और सरकार समय बर्बाद कर रही है, काफी देर पुलिस के साथ बहस हुई उसके बाद उन्हें रायपुर सेंट्रल जेल लाया गया जहां वहां उनकी एक ही मांग थी कि उन्हें शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से मुलाकात करने की अनुमति पुलिस प्रशासन दे।