CG | Sat, 25 April 2026

No Ad Available

Raghav Chadha : बीजेपी में शामिल हुए राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिलाई सदस्यता

24 Apr 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 12 views
Raghav Chadha : बीजेपी में शामिल हुए राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिलाई सदस्यता

नई दिल्ली। Raghav Chadha : आम आदमी पार्टी को बहुत बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। उसके सात राज्यसभा सांसद शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं। राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यालय में उनसे मुलाकात की और पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने इन सांसदों के भाजपा में शामिल होने की घोषणा की थी।

संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा था, “हमने यह फैसला किया है कि राज्यसभा में आप के दो-तिहाई सदस्य होने के नाते हम भारत के संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए खुद को भाजपा में मिला लेंगे।”

आम आदमी पार्टी को लगा बड़ा झटका

इससे पहले राघव चड्ढा ने घोषणा की कि वह आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों में से दो-तिहाई सांसदों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। इस कदम को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है और यह घटनाक्रम पार्टी के भीतर कथित तौर पर उनका कद घटाए जाने की खबरों के कुछ ही हफ्तों बाद सामने आया है।

‘पार्टी असल मुद्दों से भटक गई’

भाजपा में शामिल होते हुए राघव चड्ढा ने अपनी पूर्व पार्टी पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘जिस पार्टी को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा, आज उसी ने मेरी आवाज को दबाना शुरू कर दिया था। आम आदमी पार्टी अब अपने उन बुनियादी उसूलों और असल मुद्दों से पूरी तरह भटक गई है, जिनके लिए हमने आंदोलन किया था।’

राघव चड्ढा ने कहा कि ‘आप’ के लगभग दो-तिहाई राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और वे एक गुट के रूप में भाजपा में शामिल होंगे। चड्ढा ने कहा कि पार्टी की बागी नेता स्वाति मालीवाल और हरभजन सिंह समेत कई राज्यसभा सदस्यों ने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है। चड्डा, पाठक और अशोक मित्तल ने दावा किया कि आप के दस में से सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी है।

PM मोदी की जमकर की तारीफ

बीजेपी का पटका पहनते ही राघव चड्ढा के सुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए पूरी तरह बदल गए। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने बीते वर्षों में कई ऐसे साहसिक और कड़े फैसले लिए हैं, जिन्हें लेने से पहले की सरकारें हिचकिचाती थीं। उनके विजन और इच्छाशक्ति की वजह से आज देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है।’

सांसदों के टूटने से संकट में ‘आप’

राघव चड्ढा के इस बड़े कदम के बाद आम आदमी पार्टी के खेमे में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। स्वाति के साथ-साथ पूर्व भारतीय क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह, अशोक मित्तल और राजेंद्र गुप्ता जैसे दिग्गज नेताओं ने भी ‘आप’ को अलविदा कहकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। एक साथ इतने बड़े चेहरों का पार्टी छोड़ना अरविंद केजरीवाल के लिए एक ऐतिहासिक और निर्णायक झटका माना जा रहा है, जिससे राज्यसभा में आम आदमी पार्टी का वजूद अब संकट में नजर आ रहा है।

केजरीवाल के करीबी थे राघव

बता दें कि राघव चड्ढा को अरविंद केजरीवाल का बेहद करीबी और भरोसेमंद सिपहसालार माना जाता था। पंजाब चुनाव से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के विस्तार में उनकी अहम भूमिका रही है। ऐसे में उनका बीजेपी में जाना आम आदमी पार्टी के भविष्य के लिए एक बड़ी चुनौती पेश कर रहा है।

 


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Latest

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.