गरियाबंद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पुलिस लाइन गरियाबंद में भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय गरियाबंद की बहनों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को राखी बांधकर उनके सुरक्षित एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान तिलक लगाकर मिठाई खिलाई गई और जवानों को सकारात्मक जीवन का संदेश दिया गया।
राखी के बदले मांगा नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिस जवानों से उपहार के रूप में नशे से दूर रहने का संकल्प मांगा। प्रेरणा से उपस्थित जवानों ने हाथ उठाकर हर प्रकार के नशे का सेवन नहीं करने और स्वस्थ जीवन जीने की शपथ ली। जवानों ने कहा कि समाज की सुरक्षा के साथ स्वयं को भी व्यसनों से दूर रखना उनकी जिम्मेदारी है।
साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता की अपील
कार्यक्रम के दौरान डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराध को लेकर भी आमजन को जागरूक किया गया। ब्रह्माकुमारी बहनों ने लोगों से साइबर ठगी और अपराधों से सतर्क रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक गोपाल वैश्य, रक्षित निरीक्षक सनत ठाकुर सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने ब्रह्माकुमारीज की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक और जागरूकता का संदेश देते हैं।