CG | Mon, 23 November 2026

No Ad Available

परिवार गया था वाराणसी, पीछे से सूने मकान में चोर ने उड़ाए जेवर और नगदी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

21 Nov 2026 | WEENEWS DESK | 869 views
परिवार गया था वाराणसी, पीछे से सूने मकान में चोर ने उड़ाए जेवर और नगदी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

रायपुर। राजधानी रायपुर में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को तेलीबांधा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पार कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सोने का चैन, चांदी के 12 बेलपत्र और 89 हजार 495 रुपये नगद सहित अन्य सामान बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी डॉ. स्नेहिल दीवान ने तेलीबांधा थाना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया कि 18 नवंबर 2026 को परिवार सहित वाराणसी जाने के लिए घर में ताला लगाकर निकले थे। 20 नवंबर को वापस लौटने पर उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी मिली। घर के बाहर के गेट पर ताला लगा हुआ था, जबकि अंदर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने का चैन, चांदी के बेलपत्र, नगदी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने BNS की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर श्याम सोना (22 वर्ष), निवासी मौलीपारा शाम बाजार, तेलीबांधा थाना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए सामान को अपने घर की छत पर सीढ़ियों के पास छिपाकर रखा है।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सोने का चैन, चांदी के 12 बेलपत्र, 89 हजार 495 रुपये नगद और सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.