तिल्दा-नेवरा :- ग्राम पंचायत बिलाड़ी में लंबे समय से बनी पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों और किसानों ने अब शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की पहल तेज कर दी है। भाटापारा शाखा नहर तथा क्षेत्र में विभिन्न प्लांटों तक बिछाई गई पाइप लाइनों के माध्यम से बिलाड़ी के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी।
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह प्रभारी पंकज यदु के नेतृत्व में बिलाड़ी पंचायत के सरपंच एवं प्रतिनिधि दुर्लौरिन गौर सिंह ध्रुव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष गांव की वर्षों पुरानी जल समस्या को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से ग्राम पंचायत बिलाड़ी में नहर का निर्माण तो किया गया, लेकिन अब तक किसानों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका है। गांव के समीप से नहर गुजरने के बावजूद सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में संचालित विभिन्न प्लांटों के लिए पाइप लाइनों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है, लेकिन बिलाड़ी के किसानों की पानी की आवश्यकता अब तक पूरी नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने मांग की कि भाटापारा शाखा नहर अथवा प्लांटों की पाइप लाइन के माध्यम से बिलाड़ी तक पानी पहुंचाकर किसानों की सिंचाई संबंधी समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि बिलाड़ी को उनके ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल कर गांव के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भाटापारा शाखा नहर अथवा प्लांटों की पाइप लाइन के माध्यम से बिलाड़ी में पानी पहुंचाने की संभावनाओं पर पहल करने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने सांसद के आश्वासन पर उम्मीद जताते हुए कहा कि यदि नहर या पाइप लाइन के माध्यम से गांव तक पर्याप्त पानी पहुंचता है, तो किसानों को सिंचाई की बड़ी समस्या से राहत मिलेगी और कृषि कार्य को भी मजबूती मिलेगी।
इस दौरान छेदीलाल यदु, मनहरण यदु, भरत लाल वर्मा, लेखराम यदु, चंद्रप्रकाश चौबे, निखलेश कुर्रे, मुकेश यदु, गोविंद यदु, संतोष निषाद, अजय यदु सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।