CG | Sat, 17 October 2026

No Ad Available

मरार समाज के उत्थान के लिए समन्वित प्रयास होंगे

03 Sep 2026 | WEENEWS DESK | 898 views
मरार समाज के उत्थान के लिए समन्वित प्रयास होंगे

रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक ने कहा है कि सरकार की प्राथमिकता कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े गरीब, पिछड़े, लघु और सीमांत किसानों तक पहुंचाना है। इसके लिए कृषि एवं संबद्ध विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से लघु एवं सीमांत किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि यही शाकम्भरी बोर्ड के गठन का मूल उद्देश्य है।

नवा रायपुर स्थित उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी संचालनालय में सोमवार को आयोजित ’’छत्तीसगढ़ राज्य शाकम्भरी बोर्ड के संचालक मंडल की पहली बैठक’’ को संबोधित करते हुए नायक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को किसानों की आय बढ़ाने के लिए साझा कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी क्षेत्र में मरार समाज का योगदान ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण रहा है, इसलिए उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है।

नायक ने कहा कि भले ही शाकम्भरी बोर्ड का गठन मरार-पटेल समाज के उत्थान के उद्देश्य से किया गया है, लेकिन बोर्ड की सोच सभी किसानों के हित और समृद्धि से जुड़ी है। कृषि, उद्यानिकी, जल संसाधन, ऊर्जा, वाणिज्य एवं उद्योग तथा छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के समन्वित प्रयासों से किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। बैठक में लघु एवं सीमांत किसानों को उद्यानिकी फसलों तथा विशेष रूप से पुष्प उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने, योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने तथा जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के माध्यम से पात्र किसानों को अधिकाधिक लाभान्वित करने पर भी सहमति बनी।

बैठक में बोर्ड के सदस्य बसंत पटेल, प्रेमलाल पटेल, संतोष पटेल और प्रेम पटेल सहित उद्यानिकी विभाग के संचालक लोकेश कुमार तथा शाकम्भरी बोर्ड के सचिव सुरेश ठाकुर, संयुक्त सचिव राजीव अहारे, सहायक अभियंता सिद्धार्थ पाण्डेय, कृषि जितेन्द्र ठाकुर तथा जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता सी.एल. देवांगन एवं सी.बी. धु्रव सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उप संचालक उद्यान नीरज शाहा एवं मनोज अम्बष्ट ने प्रस्तुत की।

 

 

 

 

 

 

 

 


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Latest

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.