CG | Fri, 01 May 2026

No Ad Available

MP BREAKING: जबलपुर क्रूज हादसा में 9 शव बरामद 22 लोगों की बची जान, रेस्क्यू जारी

01 May 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 2 views
MP BREAKING: जबलपुर क्रूज हादसा में 9 शव बरामद 22 लोगों की बची जान, रेस्क्यू जारी

जबलपुर। MP BREAKING: मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में गुरुवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया। जहां बरगी डैम में एक क्रूज तेज हवा और आंधी तूफान के चलते पलट गया। देखते ही देखते क्रूज पर सवार सभी सैलानी पानी में डूब गए। यह खौफनाक मंजर देख वहां मौजूद लोगों ने मदद की। जैसे-तैसे कुछ लोगों की जान को बचाया गया। ताजा जानकारी के मुताबिक, अब तक 9 लोगों के शव निकाले जा चुके है, जिसमें सात महिलाएं, एक बच्चा भी शामिल हैं। कल शाम से आज दूसरे दिन भी लापता लोगों की तलाश जारी है।

तेज हवा-आंधी से बिगड़ा बैलेंस

मिली जानकारी के मुताबिक, जबलपुर के बरगी डैम में हर दिन की तरह गुरुवार की शाम सैलानी क्रूज का आनंद ले रहे थे। इस बीच अचानक तेज हवा और आंधी चलने लगी, जिससे क्रूज डगमगाने लगा और देखते ही देखते पानी में समा गया। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। इसके पहले संभल पाते कि क्रूज सवार 30 से ज्यादा लोग एक-एक कर डूबने लगे।

मौके पर शासन-प्रशासन

डैम में लोगों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही एनडीईआरएफ, एसडीईआरएफ, आर्मी, गोताखोर और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। लापता सैलानियों की खोजबीन के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। वहीं खबर लगते ही मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, बरगी विधायक नीरज सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और जबलपुर एसपी भी मौके पर पहुंचे।

क्रूज खींचने के दौरान टूटा रस्सा, अब तक 9 शव बरामद

हादसे के 12 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी क्रूज को बाहर नहीं निकाला जा सका है। रात में क्रूज खींचने के दौरान रस्सा टूट गया। रस्सा टूटने की वजह से बैलेंस बिगड़ा और लोग गिर गए। रातभर पहाड़ी इलाके को समतल कर रास्ता बनाया गया। जेसीबी से रास्ता बनाकर हाइड्रा और बड़ी क्रेन को दुघर्टनास्थल पहुंचाया गया। इसके जरिए रेस्क्यू किया गया। बताया जा रहा है कि अब तक 9 लोगों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं। जिसमें 7 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। वहीं 22 लोगों का रेस्क्यू कर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया है। जहां उनका इलाज जारी है।

पूरा परिवार डूबा, एक महिला की मौत

बताया जा रहा है कि जबलपुर के कोतवाली से एक सोनी परिवार भी क्रूज पर सवार था। जिनमें विक्की सोनी, राखी सोनी, अन्नू सोनी, आराध्य सोनी, समृद्धि सोनी और विराज सोनी का सकुशल रेस्क्यू किया गया। वहीं एक महिला नीतू सोनी का शव बरामद किया हुआ है। जबकि एक छोटा बच्चा मिसिंग बताया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री ने मानी लापरवाही

वहीं घटनास्थल पर पहुंचे एमपी के पर्यटन मंत्री धर्मेंद सिंह लोधी ने ऑन कैमरा लापरवाही कबूल की। उन्होंने कैमरे पर स्वीकार किया कि रेस्क्यू के संसाधनों की कमी है। उन्होंने कहा कि अब से पर्यटकों का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखा जाएगा।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.