CG | Sat, 16 May 2026

No Ad Available

Loan Issue: 25 लाख का लोन नहीं मिला तो हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया युवक, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

16 May 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 6 views
Loan Issue: 25 लाख का लोन नहीं मिला तो हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया युवक, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

बांदा। Loan Issue: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 25 लाख रुपये का लोन नहीं मिलने से परेशान एक युवक सीधे हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक की इस हरकत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घंटों चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने बड़ी मशक्कत और सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

मामला बांदा जिले के बबेरू कस्बे का है। बताया जा रहा है कि युवक पशुपालन का कारोबार शुरू करना चाहता था। उसका सपना गाय-भैंस खरीदकर डेयरी खोलने का था, जिसके लिए उसने 25 लाख रुपये के लोन की मांग की थी। युवक कई दिनों से बैंक के चक्कर लगा रहा था, लेकिन लोन मंजूर नहीं हुआ। आर्थिक तंगी, बेरोजगारी और बढ़ती जिम्मेदारियों के बीच वह मानसिक तनाव में आ गया।

बताया गया कि युवक की शादी पिछले साल हुई थी और घर में छह भाई हैं। कमाई का कोई स्थायी जरिया नहीं होने के कारण वह लगातार परेशान चल रहा था। इसी बीच उसने ऐसा कदम उठा लिया जिसने पूरे कस्बे को हैरान कर दिया। युवक अचानक हाईवोल्टेज बिजली के टावर पर चढ़ गया और ऊपर से चिल्लाने लगा कि अफसरों को बुलाओ और उसे 25 लाख रुपये का लोन दिलाया जाए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। नीचे सैकड़ों लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि युवक बार-बार नीचे उतरने से इनकार करता रहा। हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब खड़े युवक को देखकर हर कोई डरा हुआ था, क्योंकि जरा सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी।

कई घंटों तक चले इस ड्रामे के बाद पुलिस ने समझाइश और काउंसलिंग के जरिए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। राहत की बात यह रही कि युवक करंट की चपेट में नहीं आया। बाद में उसे थाने ले जाकर समझाया गया और फिर परिवार वालों को सौंप दिया गया।

एसएचओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि युवक पशुपालन के लिए 25 लाख रुपये का लोन चाहता था और इसी मांग को लेकर बिजली के टावर पर चढ़ गया था। पुलिस ने समय रहते उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया और उसकी काउंसलिंग कराई गई।

इस घटना के बाद इलाके में युवक की चर्चा जोरों पर है। कई लोग इसे बेरोजगारी, आर्थिक तंगी और सिस्टम की जटिल प्रक्रियाओं से उपजी हताशा की तस्वीर बता रहे हैं, हालांकि पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी समस्या का समाधान इस तरह जान जोखिम में डालकर नहीं किया जाना चाहिए।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.