CG | Mon, 21 September 2026

No Ad Available

ग्राम बुडेरा-खरोरा में होगा ऐतिहासिक “जोहार छत्तीसगढ़ कप”, पूरे प्रदेश से पहुंचेंगे क्रिकेट खिलाड़ी

21 Sep 2026 | WEENEWS DESK | 789 views
ग्राम बुडेरा-खरोरा में होगा ऐतिहासिक “जोहार छत्तीसगढ़ कप”, पूरे प्रदेश से पहुंचेंगे क्रिकेट खिलाड़ी

तिल्दा नेवरा/खरोरा-ग्राम बुडेरा, खरोरा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने जा रहे “जोहार छत्तीसगढ़ कप” क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यह प्रतियोगिता 16 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 1 नवंबर तक चलेगी, जबकि 1 नवंबर को भव्य फाइनल मुकाबला आयोजित किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार इस प्रतिष्ठित क्रिकेट प्रतियोगिता में पूरे छत्तीसगढ़ से खिलाड़ी हिस्सा लेने पहुंचेंगे, जिससे यह प्रतियोगिता क्षेत्र की सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिताओं में से एक बन गई है। प्रतियोगिता में कुल 14 टीमों का गठन किया गया है तथा 14 ऑनर (मालिक) अपनी-अपनी टीमों का नेतृत्व करेंगे। क्रिकेट प्रेमियों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह है और खरोरा-बुडेरा सहित आसपास के क्षेत्रों में यह प्रतियोगिता चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है।

आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु खिलाड़ियों का ऑक्शन कार्यक्रम 20 सितंबर को आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में अजय कुमार वर्मा (जिला अध्यक्ष, छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना, रायपुर ग्रामीण) उपस्थित रहे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मिथिलेश साहू थे। वहीं कार्यक्रम को समर्थन देने एवं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला अध्यक्ष योगेश साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में योगेश साहू ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि ग्राम बुडेरा में इतने बड़े स्तर पर क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन लगातार होते रहेंगे और क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता रहेगा।

उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के हितों और जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर संघर्ष करने वाले नेताओं अमित बघेल, डॉ. अजय यादव एवं दिनेश वर्मा की इस प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति का पूरे संगठन एवं खेल प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है। उनके आगमन से खिलाड़ियों एवं युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।

आयोजकों ने बताया कि 1 नवंबर को आयोजित होने वाले फाइनल मुकाबले में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अमित बघेल, सहसचिव दिनेश वर्मा तथा छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके साथ दोनों संगठनों के प्रदेश एवं जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

आयोजन समिति का कहना है कि खरोरा-बुडेरा के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेशभर के खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित हुई है। यही कारण है कि नगर एवं आसपास के गांवों में इस प्रतियोगिता को लेकर लोगों में विशेष उत्सुकता और उत्साह देखने को मिल रहा है।

 

 

WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp