नागपुर। MAHARASHTRA NEWS: नागपुर की SBL एनर्जी कंपनी में भीषण विस्फोट, 15 कर्मचारियों की मौत, 18 से अधिक घायल गूंजी धमाके की आवाज, मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटी टीमें — महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कलमेश्वर इलाके में स्थित SBL एनर्जी कंपनी में सोमवार सुबह करीब 7 बजे हुए भीषण ब्लास्ट ने पूरे इलाके को दहला दिया।
फैक्ट्री में डेटोनेटर निर्माण के दौरान हुए इस विस्फोट में कम से कम 15 कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के वक्त कंपनी परिसर में 32 कर्मचारी और 2 सुपरवाइजर काम कर रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमाका उस समय हुआ जब तार को डेटोनेटर से जोड़ा जा रहा था, इसी दौरान अचानक तेज विस्फोट हुआ और कुछ ही सेकंड में पूरी बिल्डिंग मलबे में तब्दील हो गई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनी गई और आसपास की खिड़कियां तक हिल गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ब्लास्ट के तुरंत बाद फैक्ट्री से काले धुएं का घना गुबार उठने लगा और अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं, जबकि दूर से धमाके की गूंज और चीख-पुकार साफ सुनाई दे रही है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद ली जा रही है। घायलों को नागपुर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
SBL एनर्जी कंपनी माइनिंग और बड़ी कंस्ट्रक्शन कंपनियों को डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री की सप्लाई करती है। कंपनी में सुरक्षा मानकों को लेकर भी अब सवाल उठने लगे हैं। अधिकारियों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं और फॉरेंसिक टीम सैंपल जुटाने में लगी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोगों में दहशत का माहौल है।