प्रयागराज । CRIME NEWS: प्रयागराज से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही 18 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पिता पप्पू जायसवाल ने पहले बेटे को बेहोश करने के लिए पास्ता में नींद की गोलियां मिलाईं, फिर सोते समय सिर पर हमला कर उसे नीचे कमरे में घसीटा और धारदार हथियार से गला रेत दिया। इस वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
जानकारी के मुताबिक, करेली थाना क्षेत्र की चाट वाली गली में पप्पू जायसवाल पत्नी रंजना और तीन बेटों के साथ किराए के मकान में रहता था। आरोपी नशे का आदी था और कोई काम नहीं करता था, जबकि बड़ा बेटा प्रियांशु सब्जी बेचकर पूरे परिवार का खर्च चलाता था। बताया जा रहा है कि पिता को शक था कि बेटे के उसकी पत्नी से अवैध संबंध हैं। इसी सनक में वह अक्सर घर में झगड़ा करता था।
शुक्रवार रात आरोपी ने घर में बने पास्ता में नींद की गोलियां मिला दीं। भूख लगने पर प्रियांशु ने पास्ता खाया और बेहोशी महसूस होने पर छत पर सोने चला गया। सुबह तड़के आरोपी पिता ने भारी वस्तु से उसके सिर पर वार किया, फिर नीचे लाकर धारदार हथियार से गला काट दिया। अत्यधिक खून बहने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के दौरान छोटे बेटे ने जब नीचे आकर देखा तो आरोपी ने उसे भी जान से मारने की धमकी देकर ऊपर भेज दिया। हत्या के बाद आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हो गया। बाद में अन्य बेटों ने किसी तरह मोहल्ले वालों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा और शव बरामद किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। इलाके में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। परिवार और स्थानीय लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
The post CRIME NEWS: सनकी पिता ने बेटे को दी खौफनाक मौत, पास्ता में नींद की गोली मिलाकर रची साजिश, फिर गला रेतकर हत्या appeared first on Grand News.