फरीदाबाद। Crime News: हरियाणा के फरीदाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादीशुदा दंपती पर अपनी पड़ोसन के ऊपर उबलता पानी डालने और उसे कई दिनों तक कमरे में बंधक बनाकर रखने का गंभीर आरोप लगा है। घटना में महिला करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पति फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की पहचान 23 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है। आरोप है कि 16 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे उस पर उबलता पानी डाल दिया गया। इससे उसके सीने और हाथों पर गंभीर जलने के निशान और छाले पड़ गए। आरोप है कि घटना के बाद भी उसे इलाज के लिए बाहर नहीं जाने दिया गया और कमरे में बंद कर उसका मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को रेस्क्यू कर बीके अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है और इसी वजह से पुलिस उसका बयान दर्ज नहीं कर सकी है।
पुलिस के अनुसार, प्रीति बिहार के शाहपुर के टिक्का टोला की रहने वाली है। उसके रिश्तेदार के मुताबिक, करीब दो साल पहले उसकी शादी फरीदाबाद के कुरेशीपुर निवासी रोहित से हुई थी। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते थे और करीब दो महीने पहले प्रीति अपने पति से अलग हो गई थी। इसके बाद वह पड़ोस में रहने वाले धर्मेंद्र और ललिता के संपर्क में आई और करीब दो महीने से उनके घर पर रह रही थी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धौज थाना क्षेत्र में धर्मेंद्र और ललिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ललिता को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि धर्मेंद्र की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज करेगी।
हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पूरी स्थिति पीड़िता के बयान और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
The post Crime News: पड़ोसन पर डाला उबलता पानी, फिर कमरे में बनाया बंधक! महिला आरोपी गिरफ्तार appeared first on Grand News.