CG | Sat, 01 August 2026

No Ad Available

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने संसद में गूंजी सांसद बृजमोहन अग्रवाल की आवाज

31 Jul 2026 | WEENEWS DESK | 1005 views
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने संसद में गूंजी सांसद बृजमोहन अग्रवाल की आवाज

प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM-ABHIM) के तहत छत्तीसगढ़ में 23 में से 21 क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्वीकृत/प्रगति पर: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने संसद में दी जानकारी

स्वास्थ्य सेवाओं में मानव संसाधन (विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं क्रिटिकल केयर नर्सों) की कमी और दूरस्थ/आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की शत-प्रतिशत क्रियाशीलता पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का जोर

वित्तीय वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ के लिए 32.78 करोड़ की केंद्रीय राशि निर्गत, प्रदेश में 55.33 करोड़ रुपए का व्यय दर्ज


रायपुर / नई दिल्ली। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद एवं पूर्व वरिष्ठ मंत्री श्रीमंत बृजमोहन अग्रवाल ने देश और विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य प्रणाली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने तथा आम जनता को त्वरित व उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोकसभा में लोक महत्व का अत्यंत महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उठाया।

लोकसभा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्र सरकार से प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM-ABHIM) के अंतर्गत बजट आवंटन, उपयोग तथा देश एवं राज्य में संचालित क्रिटिकल केयर ब्लॉकों की अद्यतन स्थिति पर विस्तृत ब्योरा मांगा। इसके साथ ही, उन्होंने स्वास्थ्य ढांचा तैयार होने के बावजूद विशेषज्ञों (जैसे एनेस्थियोलॉजिस्ट, क्रिटिकल केयर नर्सों आदि) की पदस्थापना में होने वाले विलंब और आदिवासी अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

सांसद अग्रवाल के प्रश्नों का उत्तर देते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने संसद को बताया कि, केंद्र सरकार स्वास्थ्य आपात स्थितियों से निपटने और जन स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

छत्तीसगढ़ में क्रिटिकल केयर नेटवर्क का विस्तार

सांसद बृजमोहन अग्रवाल की सतत पहल का ही परिणाम है कि राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 23 क्रिटिकल केयर ब्लॉक (CCB) स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 21 ब्लॉक पूर्ण/प्रगति पर (कार्यशील) हैं। इससे गंभीर बीमारियों और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को त्वरित व जीवनरक्षक इलाज मिल सकेगा। देश भर में कुल 631 CCB स्वीकृत है जिनमें से 506 कार्यशील हैं।

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि,

वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान छत्तीसगढ़ को PM-ABHIM के तहत केंद्र सरकार द्वारा 32.78 करोड़ रुपये की राशि निर्गत की गई, जबकि पूर्व की अव्ययित राशि व राज्य सहयोग को मिलाकर 55.33 करोड़ रुपये का कुल व्यय कर स्वास्थ्य अधोसंरचना को तेजी से विकसित किया जा रहा है।

सांसद अग्रवाल द्वारा ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ की कमी पर जताई गई चिंता पर मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के माध्यम से राज्यों को दुर्गम क्षेत्रों के लिए विशेष प्रोत्साहन, आवासीय सुविधाएं, और आपातकालीन प्रसूति देखभाल व एनेस्थीसिया कौशल का विशेष प्रशिक्षण (Life Saving Anesthesia Skills) प्रदान किया जा रहा है।

सांसद श्री अग्रवाल के प्रश्न के उत्तर में सरकार ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के कार्यान्वयन और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ‘आउटपुट-आउटकम मॉनिटरिंग फ्रेमवर्क’ तथा ‘वार्षिक सामान्य समीक्षा मिशन (CRM)’ के माध्यम से निरंतर मूल्यांकन और जवाबदेही तय की जा रही है।

“जन-स्वास्थ्य सुरक्षा ही हमारी सर्वोपरि प्राथमिकता”: बृजमोहन अग्रवाल

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, “छत्तीसगढ़ के अंतिम व्यक्ति तक विश्वस्तरीय और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हमारा संकल्प है। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त डॉक्टर, विशेषज्ञ और अत्याधुनिक उपकरण समय पर उपलब्ध हों यही प्रयास हैं। केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को मिले, इसके लिए हम एक-एक पैसे और एक-एक सुविधा की सतत निगरानी कर रहे हैं।”

 



WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.