रायपुर। CG Weather Today: राजधानी रायपुर में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश शनिवार सुबह भी लगातार जारी है। शहर में अभी भी कई इलाकों में पानी गिर रहा है, जिससे मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है और लोगों को उमस से राहत मिली है।
रायपुर में रात से जारी बारिश के कारण सुबह के समय भी आसमान घने बादलों से ढका हुआ है। कई इलाकों में रुक-रुककर तो कहीं लगातार बारिश हो रही है। सुबह अपने काम के लिए निकलने वाले लोगों को बारिश के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। निचले इलाकों में पानी जमा होने की स्थिति भी बन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। रायपुर में भी आज आसमान मेघमय रहने के साथ बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
बीते 24 घंटे में लोरमी में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। जनकपुर-भरतपुर और कुकदूर में 13-13 सेंटीमीटर, तखतपुर और लालपुर थाना क्षेत्र में 8-8 सेंटीमीटर, कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर तथा रतनपुर और पेंड्रा रोड में 6-6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम है। इसके बावजूद अगले सात दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। फिलहाल रायपुर में बारिश जारी है और सुबह तक पानी गिरने का सिलसिला नहीं थमा है।
The post CG Weather Today: रायपुर में रातभर से अब तक लगातार बारिश, सुबह भी नहीं थमा पानी; मौसम हुआ ठंडा appeared first on Grand News.