CG | Sun, 17 May 2026

No Ad Available

CG WEATHER TODAY : रायपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का असर, 20 मई के बाद फिर बढ़ेगी भीषण गर्मी

17 May 2026 | JAY SHANKAR PANDEY | 5 views
CG WEATHER TODAY : रायपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का असर, 20 मई के बाद फिर बढ़ेगी भीषण गर्मी

रायपुर। CG WEATHER TODAY : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश से कई इलाकों में आषाढ़ जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं के कारण कई जगह बड़े पेड़ गिर गए, जिससे सड़कें बाधित रहीं और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। रविवार सुबह तक कई इलाकों में गिरे पेड़ों को हटाने का काम जारी रहा।

 

मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार से मौसम साफ होने लगेगा। आसमान साफ होने के साथ ही दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और मई के आखिरी सप्ताह तक प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की स्थिति बन सकती है।

 

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी, अंडमान-निकोबार क्षेत्र और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरणों की वजह से प्रदेश में भारी मात्रा में नमी पहुंची है। दोपहर की तेज गर्मी और नमी के मेल से लोकल सिस्टम सक्रिय हुए, जिसके कारण कई जिलों में तेज बारिश और गरज-चमक देखने को मिली। रविवार को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, अंधड़ और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।

 

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव जारी है। मौसम विभाग ने नारायणपुर, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने और बारिश की चेतावनी दी गई है।

 

वहीं राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Latest

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.