CG VIDEO : आधी रात… सुनसान बाईपास… पुलिस की चेकिंग… और फिर शुरू हुआ ऐसा हंगामा जिसने कई सवाल खड़े कर दिए। धमतरी में परिवार के साथ फिल्म देखकर लौट रहे एक युवक का आरोप है कि मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग करते ही पुलिसकर्मी का गुस्सा भड़क उठा और पत्नी-बच्चे के सामने उसकी पिटाई कर दी गई। वहीं पुलिस का दावा है कि युवक खुद आक्रामक था और पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा था। आखिर उस रात चेकिंग प्वाइंट पर ऐसा क्या हुआ कि मामला सड़क से उठकर आरोप-प्रत्यारोप और जांच तक पहुंच गया? देखिए हमारी ये खास रिपोर्ट।
धमतरी जिले की एक आधी रात अब चर्चा और विवाद का विषय बन गई है। 4 और 5 मई की दरमियानी रात मुजगहन-पोटियाडीह बाईपास पर पुलिस की नियमित चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार युवक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ वहां पहुंचा। पुलिस ने बाइक को रोककर पूछताछ शुरू की, लेकिन कुछ ही मिनटों में माहौल इतना गर्म हो गया कि अब दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
युवक का दावा है कि वह परिवार के साथ फिल्म देखकर आमडी स्थित अपने घर लौट रहा था। पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ के दौरान कथित तौर पर बदसलूकी की। युवक के अनुसार, उसने पूरी घटना को मोबाइल में रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। आरोप है कि वीडियो रिकॉर्डिंग देखते ही अर्जुनी थाना प्रभारी नाराज हो गए और उसके साथ मारपीट की गई। युवक का कहना है कि यह सब उसकी पत्नी और छोटे बच्चे के सामने हुआ।
दूसरी ओर पुलिस की कहानी बिल्कुल अलग है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाइक की नंबर प्लेट टूटी हुई थी और देर रात परिवार के साथ घूमना संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। जब दस्तावेज और पहचान पत्र मांगे गए तो युवक ने सहयोग करने के बजाय बहस शुरू कर दी। पुलिस का आरोप है कि युवक का व्यवहार आक्रामक था और वह जांच प्रक्रिया में बाधा डाल रहा था।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब पुलिस ने युवक के दस्तावेजों पर सवाल उठाए।
अब इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। एक तरफ युवक न्याय और कार्रवाई की मांग कर रहा है, तो दूसरी तरफ पुलिस अपने कदमों को नियमों के तहत की गई कार्रवाई बता रही है। सवाल यही है कि उस रात चेकिंग प्वाइंट पर सच क्या था—पुलिसिया सख्ती या फिर कानून व्यवस्था के नाम पर हुई ज्यादती? जांच पूरी होने के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ पाएगा।
The post CG VIDEO : बीबी-बच्चे के सामने युवक की पिटाई का आरोप, आधी रात की पुलिस चेकिंग बनी विवाद की वजह appeared first on Grand News.