महासमुंद। CG NEWS: महासमुंद जिले में सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 करोड़ 28 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। एनएच-353 रेहटीखोल चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान गुजरात नंबर की वोक्सवैगन वरटस कार से 7 किलो 512 ग्राम से अधिक सोना बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार कार में सवार तीन युवक गुजरात के राजकोट निवासी हैं, जो कार की पिछली सीट में बने चेंबर में पीठ्ठू बैग के अंदर सोने के आभूषण छिपाकर परिवहन कर रहे थे। तलाशी के दौरान 6 प्लास्टिक बॉक्स में रखे विभिन्न प्रकार के सोने के जेवर बरामद हुए, जिनकी कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने सोने के साथ प्रयुक्त वोक्सवैगन कार भी जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपए है। इस तरह कुल जप्ती 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपए की हुई है। तीनों आरोपियों से सोने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए मामला आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को अग्रेषित कर दिया है।