CG | Fri, 13 February 2026

No Ad Available

CG NEWS: संघ शताब्दी वर्ष में डॉक्टर हेडगेवार की जीवनी पर आधारित नाट्य मंचन संपन्न

10 Nov 2025 | JAY SHANKAR PANDEY | 91 views
CG NEWS: संघ शताब्दी वर्ष में डॉक्टर हेडगेवार की जीवनी पर आधारित नाट्य मंचन संपन्न

रायगढ़। CG NEWS: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को रायगढ़ के पंजीरी प्लांट स्थित नगर निगम ऑडिटोरियम में संघ संस्थापक एवं प्रथम सरसंघचालक युग प्रवर्तक डॉक्टर हेडगेवार की जीवनी पर आधारित भव्य नाट्य मंचन का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन समर्पण सेवा समिति रायगढ़ द्वारा संस्कृति मंत्रालय, छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से किया गया। लगभग ढाई घंटे तक चले इस नाट्य मंचन में डॉक्टर हेडगेवार के जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया।

नाटक में 19वीं शताब्दी के उत्तरार्ध में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान कांग्रेस के गरम दल के नेतृत्व, तत्पश्चात अहिंसा के मार्ग पर चले आंदोलन तथा राष्ट्रभावना से ओतप्रोत घटनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। नाट्य मंचन के लेखक डॉ. अजय प्रधान, निर्माता पद्माकर धानोरकर और निर्देशक सुबोध सुर्जिकर हैं, जबकि संगीत शैलेश दाणी ने दिया। मंचन में अभिनेताओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर जीवर्धन चौहान, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया तथा प्रांत कार्यवाह चंद्रशेखर देवांगन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, स्वयंसेवक एवं परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अतिथियों ने डॉक्टर हेडगेवार के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। आयोजन के सफल संचालन एवं सांस्कृतिक गरिमा ने इसे यादगार बना दिया।


JAY SHANKAR PANDEY
JAY SHANKAR PANDEY

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.